छत का हिस्सा टूटकर गिरा, टला हादसा
जागरण संवाददाता साहिबाबाद इंदिरापुरम के न्याय खंड दो में बुधवार शाम बारिश के दौरान एक
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद :
इंदिरापुरम के न्याय खंड दो में बुधवार शाम बारिश के दौरान एक मकान की छत का कुछ हिस्सा टूटकर गिर गया। गनीमत रही की कोई हताहत नहीं हुआ और हादसा टल गया। न्याय खंड में ऐसे कई मकान जर्जर हैं, जिनमें लोगों को हादसे का डर सता रहा है। लोगों ने इसकी जीडीए अधिकारियों से शिकायत की है।
न्याय खंड दो में जीडीए द्वारा बनाए गए तीन मंजिला मकान है। मकान नंबर - 695 में तीसरे मंजिल पर जीने के ऊपर की छत का हिस्सा बुधवार शाम बारिश के दौरान टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि जहां पर छत का हिस्सा टूटकर गिरा वहां कोई नहीं था। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। छत का मलबा जैसे ही जमीन पर गिरा आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर आ गए। दर्जनों मकान जर्जर : न्या खंड दो आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष किशोर ठाकुर का कहना है कि न्याय खंड दो में दर्जनों मकान जर्जर हो गए हैं। बारिश में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। जीडीए अधिकारियों को जर्जर मकानों की जानकारी दी गई है। अधिकारी केवल जल्द मरम्मत का आश्वासन देते हैं। यदि कोई हादसा हो गया तो इसका जिम्मेदार कौन होगा।
जो लोग मकानों में रह रहे हैं उन्हें समय-समय पर मकानों की मरम्मत करानी चाहिए। रजिस्ट्री हुए करीब 30 साल हो गए हैं। जीडीए हर छोटी छोटी मरम्मत नहीं करा सकता है। लोगों को ही मकान की मरम्मत करानी चाहिए।
- एके चौधरी, अधिशासी अभियंता जीडीए