सावन का पहला और आखिर दिन होगा सोमवार
भगवान शिव का प्रिय मास श्रावण छह जुलाई से शुरू होगा।
जासं, गाजियाबाद : भगवान शिव का प्रिय मास श्रावण छह जुलाई से शुरू होगा। इस बार सावन महीने का पहला और आखिरी दिन सोमवार ही होगा। ज्योतिष के अनुसार इस साल सावन का महीना 29 दिन का होगा। शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि के क्षय होने के कारण ऐसा होगा। महीने की शुरुआत उत्तराषाढ़ा नक्षत्र और वैधृति योग में होगी। इस दिन बृहस्पति का अपनी ही राशि धनु में होना शुभ है। इसके साथ ही चंद्रमा मकर राशि में रहेगा। सावन में 25 से ज्यादा शुभ योग बन रहे हैं।
दूधेश्वरनाथ मंदिर के महंत नारायण गिरि महाराज का कहना है कि श्रावण कृष्ण पक्ष प्रतिपदा की शुरुआत पांच जुलाई रविवार को सुबह 10.15 से होगी, जो दूसरे दिन सोमवार को सुबह 9.25 तक रहेगी। सोमवार को प्रतिपदा उदयातिथि में होने के कारण सावन की शुरुआत सोमवार से ही मानी जाएगी और समापन भी तीन अगस्त सोमवार को होगा। इस बार सावन में पांच सोमवार पड़ रहे हैं, जो शुभ संकेत हैं। ऐसा ही संयोग तीन साल पहले 2017 में पड़ा था। इस साल सावन महीने में 11 सर्वार्थसिद्धि, तीन अमृतसिद्धि और 12 दिन रवियोग रहेंगे। इन शुभ योगों में की गई भगवान शिव की पूजा से विशेष फल मिलता है।