शीतलहर में सर्दी का गुरूर नहीं तोड़ पाई धूप
जासं गाजियाबाद पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते सर्दी का सितम जारी है। बृहस्पतिवार क
जासं, गाजियाबाद : पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते सर्दी का सितम जारी है। बृहस्पतिवार को शीत लहर ने जिले को अपनी आगोश में लिया। दोपहर के समय सूर्यदेव के दर्शन हुए, लेकिन धूप इतनी कम थी कि वह सर्दी का गुरूर नहीं तोड़ पाई। न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कृषि विज्ञानी के अनुसार अभी रविवार तक सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं है। बुधवार सुबह तड़के सूर्यदेव के दर्शन हो गए थे। तेज धूप से सर्दी कम हो गई थी। मगर बुधवार देर रात को शीतलहर चलनी शुरू हो गई। बृहस्पतिवार सुबह को सूर्य नहीं निकला। दोपहर को सूर्य के दर्शन हुए, लेकिन रोशनी बहुत कम होने के कारण सर्दी से राहत नहीं मिली। शाम होने पर जनपदवासियों को सर्द हवाओं ने खूब सताया। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान आठ व अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सर्दी से बचने के लिए नगर निगम के जगह-जगह अलाव की व्यवस्था कराई है। लोग गर्म कपड़े पहनकर बाहर निकल रहे हैं। सर्दी की वजह से बसों में भी यात्रियों की संख्या कम हो गई है। दो पहिया वाहन चालकों को ज्यादा परेशानी हो रही है। कृषि विज्ञानी सूरज भान सिकेरा ने बताया कि बृहस्पतिवार को हवा का दबाव 17 मिली बार रहा और पांच किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलती रही। पहाड़ों से आने वाली हवा अपने साथ सर्दी ला रही है। शुक्रवार को हवा की रफ्तार दस किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। हालांकि यह सर्दी गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद है। इससे गेहूं की पैदावार में इजाफा होगा।
------
हसीन