भूमि पर कब्जे को लेकर बम्हैटा में पथराव, तीन घायल
जागरण संवाददाता गाजियाबाद कविनगर थाना क्षेत्र के बम्हैटा में मंगलवार को लैंड मैनेजमेंट कमेटी (एलएमसी) की एक भूमि पर कब्जे को लेकर एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के साथ जमकर मारपीट की। आरोपितों ने मौके पर पथराव किया। पथराव में दूसरे पक्ष के तीन लोग घायल हो गए।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : कविनगर थाना क्षेत्र के बम्हैटा में मंगलवार को लैंड मैनेजमेंट कमेटी (एलएमसी) की एक भूमि पर कब्जे को लेकर एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के साथ जमकर मारपीट की। आरोपितों ने मौके पर पथराव किया। पथराव में दूसरे पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पीड़ित पक्ष ने इस मामले में छह आरोपितों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
कविनगर थाना प्रभारी संजीव शर्मा ने बताया कि बम्हैटा में ग्राम सभा की 600 वर्गगज भूमि को लेकर दो पक्षों में मई 2021 से विवाद चल रहा है। इस भूमि को नगर निगम ने एलएमसी घोषित किया गया है। भूमि से लगे हुए एक पक्ष सुनील व दूसरे पक्ष देवपाल उर्फ मटर के मकान हैं। मंगलवार शाम देवपाल व उसके पक्ष के छह लोगों ने सुनील पक्ष पर हमला कर दिया और जमकर पथराव किया। इस घटना से बम्हैटा गांव में दहशत का माहौल पैदा हो गया और भगदड़ मच गई। सुनील पक्ष के सुंदर, वेदू व भरत गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर भारी पुलिसबल पहुंचा और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने इस मामले में बलवा, हत्या के प्रयास, समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने आरोपित रोहताश, भूपेश उर्फ भुल्ला व देवपाल को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अभी तीन आरोपित फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।