जापान, नेपाल की आपदा में भी आठवीं बटालियन ने किया था राहत व बचाव कार्य
जागरण संवाददाता गाजियाबाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सम्मानित एनडीआरएफ की आठवीं बटालि
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सम्मानित एनडीआरएफ की आठवीं बटालियन ने भारत ही नहीं, जापान और नेपाल की आपदा में भी कंधे से कंधा मिलाकर राहत व बचाव कार्य किया था। प्रधानमंत्री ने रविवार को इंडिया गेट पर हुए आयोजन में गाजियाबाद के कमला नेहरू नगर स्थित एनडीआरएफ की आठवीं बटालियन के कमांडेंट पीके तिवारी को सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार से नवाजा। उन्हें प्रशस्ति-पत्र और 51 लाख रुपये पुरस्कार राशि दी गई है।
पीके तिवारी ने बताया कि एनडीआरएफ का गठन करीब 17 साल पहले हुआ था। आठवीं बटालियन सबसे पहले पंचकुला में शुरू हुई। इसके बाद नोएडा पहुंची और 2011 में कमला नेहरू नगर में स्थायी बटालियन बनी। आठवीं बटालियन को 2013 में उत्तराखंड की त्रासदी, जापान में 2010 में आई सुनामी, 2015 में नेपाल भूकंप, जम्मू-कश्मीर व दक्षिण भारत में आई बाढ़ समेत कई आपदा में बचाव कार्य के लिए जाना जाता है। 2019 में आपदा प्रबंधन के लिए पुरस्कार देने की शुरुआत हुई थी। आठवीं बटालियन को पहले सर्वोच्च पुरस्कार के लिए चुना गया था। कमांडेंट ने बताया कि आठवीं बटालियन ने अपने गठन से वर्तमान समय तक देश और विदेश में सात हजार से रेस्क्यू आपरेशन किए हैं। आपदा प्रभावित क्षेत्रों से डेढ़ लाख लोगों को बचाया। सात लाख से ज्यादा लोगों और लगभग पंद्रह हजार पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। बटालियन ने कैपेसिटी बिल्डिग प्रोग्राम के तहत हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली एवं पश्चिम उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में दो हजार से अधिक जन जागरण अभियान चलाकर 10 लाख से अधिक लोगों को आपदा होने पर बचाव के त्वरित प्रबंधों के बारे में जागरूक किया गया है।