Move to Jagran APP

ट्वीट ने सोनू सूद तक पहुंचाया, इंदिरापुरम के डॉक्टर ने दिव्यांग होने से बचाया

अभिषेक सिंह साहिबाबाद भगवान कृष्ण की भक्ति करने वाली गोरखपुर की प्रज्ञा के लिए बॉलीवुड एक्

By JagranEdited By: Published: Wed, 12 Aug 2020 08:18 PM (IST)Updated: Wed, 12 Aug 2020 08:18 PM (IST)
ट्वीट ने सोनू सूद तक पहुंचाया, इंदिरापुरम के डॉक्टर ने दिव्यांग होने से बचाया
ट्वीट ने सोनू सूद तक पहुंचाया, इंदिरापुरम के डॉक्टर ने दिव्यांग होने से बचाया

अभिषेक सिंह, साहिबाबाद: भगवान कृष्ण की भक्ति करने वाली गोरखपुर की प्रज्ञा के लिए बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद और उनके वैशाली निवासी मित्र डॉ. अखिलेश यादव भगवान बनकर सामने आए। करीब छह माह से घुटने का दर्द झेलते हुए दिव्यांग का जीवन जी रहीं प्रज्ञा का कष्ट जन्माष्टमी के दिन आखिरकार खत्म हो गया। करीब छह माह पहले एक दुर्घटना में प्रज्ञा के घुटने का लिगामेंट टूट गया था। प्रज्ञा ने सोनू को ट्वीट कर मदद मांगी। सोनू ने अपने वैशाली निवासी मित्र डॉ. अखिलेश यादव से प्रज्ञा का उपचार करने को कहा। बुधवार को प्रज्ञा का सफल ऑपरेशन हुआ। उन्होंने सोनू सूद और अखिलेश यादव को अपने आराध्य देव श्री कृष्ण बताते हुए आभार जताया। गोरखपुर के पादरी बाजार में रहने वाले विनोद यजमानी करते हैं। प्रज्ञा उनकी इकलौती बेटी है। विनोद के घर की आर्थिक स्थिति काफी खराब है। वहीं, छह माह पहले स्कूटी से गिरने के कारण प्रज्ञा के बाएं पैर का लिगामेंट (घुटने के पास का जोड़) टूट जाने पर विनोद के पास उपचार तक के लिए रुपये नहीं थे। कई व्यक्तियों से मदद मांगी लेकिन किसी ने प्रज्ञा का उपचार कराने में साथ नहीं दिया। दूसरी तरफ लिगामेंट टूट जाने के कारण प्रज्ञा छह माह से चल नहीं पा रहीं थीं। उन्हें बहुत दर्द भी होता था। इस बीच फिल्म अभिनेता सोनू सूद द्वारा जरूरतमंदों की मदद किए जाने के बारे में प्रज्ञा को जानकारी हुई। दो अगस्त को किया था ट्वीट: प्रज्ञा ने मदद के लिए दो अगस्त को सोनू सूद को ट्वीट किया और संपर्क के लिए अपना मोबाइल नंबर भी दिया। इस ट्वीट को पढ़ने के बाद सोनू सूद ने प्रज्ञा को मदद का भरोसा दिया और उनके उपचार के लिए वैशाली सेक्टर-7 में रहने वाले अपने चिकित्सक मित्र घुटना व कूल्हा विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश यादव से फोन पर बात की। ऐसे हुई दोस्ती: वहीं, डॉ. अखिलेश यादव ने बताया कि छह माह पहले फिल्म अभिनेता सोनू के दोस्त की मां का भी उन्होंने दिल्ली स्थित अस्पताल में उपचार किया था। तब से सोनू सूद उनके संपर्क में आए और दोनों गहरे दोस्त बन गए। चिकित्सक ने निश्शुल्क किया उपचार: सोनू सूद का फोन आने पर डॉ. अखिलेश यादव ने प्रज्ञा का निश्शुल्क उपचार करने के लिए हां कह दिया और उन्हें गाजियाबाद भेजने के लिए कहा। जिसके बाद फिल्म अभिनेता ने प्रज्ञा, उसकी मां और पिता का गोरखपुर से गाजियाबाद तक आने के लिए ट्रेन का टिकट करवाया और डॉ. अखिलेश का मोबाइल नंबर देकर उनको यहां भेज दिया। बुधवार सुबह माता-पिता के साथ प्रज्ञा इंदिरापुरम स्थित हीलिग ट्री अस्पताल पहुंची, जहां दूरबीन बिधि से प्रज्ञा के लिगामेंट की सफल सर्जरी की गई। सर्जरी के बाद सोनू सूद ने वीडियो कॉल कर डॉ. अखिलेश यादव और उनकी टीम को बधाई दी। प्रज्ञा और उनके परिवार ने सोनू सूद और चिकित्सकों का आभार प्रकट किया। प्रज्ञा ने बताया कि सोनू सूद ने उनको दिव्यांग होने से बचा लिया। उधर, श्री कृष्ण की भक्ति में लीन रहने वाली प्रज्ञा बस एक ही बात कह रहीं हैं कि उनकी भक्ति सफल हो गई। भगवान श्री कृष्ण ने अपने जन्म के दिन ही उन्हें नए जीवन का उपहार दिया है।

loksabha election banner

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.