भाजपा जिलाध्यक्ष की कार पर हमला मामले में एक गिरफ्तार
संस मोदीनगर भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश सिंहल की कार पर शुक्रवार शाम बाइक सवार युवकों द्वारा प
संस, मोदीनगर : भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश सिंहल की कार पर शुक्रवार शाम बाइक सवार युवकों द्वारा पत्थर फेंकने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जिलाध्यक्ष के गनर आशीष कुमार की तरफ से आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी गई थी। मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश में दबिश दी जा रही है।
शुक्रवार शाम भाजपा जिलाध्यक्षा दिनेश सिंहल कस्बा फरीदनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे थे। उनके साथ पीछे की सीट पर भाजपा नगराध्यक्ष रोहित अग्रवाल थे, जबकि आगे चालक व गनर आशीष कुमार था। इस बीच मोदीपोन चौकी के सामने उनकी कार में पीछे से एक बाइक सवार ने पत्थर दे मारा जिससे कार के पीछे का शीशा टूट गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। इस पर गनर आशीष कार से उतरा और अन्य दूसरे की बाइक पर बैठकर आरोपित का पीछा कर आशीष ने एक को पकड़ लिया। जबकि, दूसरा भाग गया। आशीष ने ही दोनों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी थी। आशीष के अनुसार, आरोपित अलग-अलग दो बाइक से आए थे। वहीं, एसएचओ मोदीनगर जयकरण सिंह ने बताया कि अंशुल व एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दूसरे आरोपित की तलाश चल रही है।