रक्षाबंधन पर जेल में बंदियों की कलाई नहीं रहेगी सूनी
जेल में मिठाई लाने पर पूरी तरह से रहेगी रोक।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : रक्षाबंधन पर जेल में रह रहे बंदियों की कलाई सूनी नहीं रहेगी। जेल प्रशासन ने इस संबंध में नई व्यवस्था जारी कर दी है। इसके तहत जेल में बंदियों के लिए उनकी बहने रक्षा बंधन से एक दिन पूर्व मुलाकात जाली पर मिलकर राखी जमा करा सकेंगी। जेल प्रशासन द्वारा राखियों को सैनिटाइज कराकर संबंधित बंदियों को वितरित कर दी जाएंगी। जेल में राखी ही लाने को अनुमति दी गई है, मिठाई लाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।
डासना जेल अधीक्षक विपिन मिश्र ने बताया कि कोविड-19 के चलते संक्रमण से बचने के लिए शासन के आदेश पर बंदियों से मुलाकात अस्थायी रूप से स्थगित है। वैकल्पिक रूप से जेल में बंद बंदियों के लिए उनके स्वजन द्वारा निजी जरूरत का सामान कारागार की मुलाकात जाली से शारीरिक दूरी का पालन करते हुए प्राप्त किया जा रहा है। इसके बाद सैनिटाइजेशन के बाद यह सामान 24 घंटे बाद बंदियों को दिया जाता है। उन्होंने बताया कि जेल प्रशासन द्वारा रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए व्यवस्था की गई है कि जो बहने जेल में बंद अपने भाइयों को रखी भेजना चाहती हैं वह रक्षाबंधन से एक दिन पूर्व मुलाकात जाली के माध्यम से बंदी की पूरी जानकारी के साथ जमा करा सकते हैं। राखियों को सैनिटाइज करने के 24 घंटे बाद रक्षाबंधन के दिन इन राखियों को संबंधित बंदियों तक पहुंचा दिया जाएगा। इस दौरान मिठाई लाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।