आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर पुश्ता रोड किया जाम
जागरण संवाददाता साहिबाबाद भानू के स्वजन व स्थानीय निवासियों का शनिवार दोपहर करीब साढ़े
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : भानू के स्वजन व स्थानीय निवासियों का शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक बार दोबारा गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग और पुलिस को घटना का जिम्मेदार ठहराते हुए इतवार पुश्ता रोड जाम कर दिया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बाद जाम खुला। करीब 20 मिनट तक रोड जाम रहा।
पुलिस ने शनिवार दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद भानू के शव को स्वजन को सौंप दिया। स्वजन शव लेकर भारत नगर स्थित घर पहुंचे। शव के पहुंचते ही कोहराम मच गया। काफी संख्या में लोग जुट गए। घटना से गुस्साए स्वजन और स्थानीय लोग दोपहर करीब साढ़े तीन बजे खोड़ा इतवार पुश्ता रोड पर आकर जाम लगा दिया। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि अगर खोड़ा थाना पुलिस भानू के पिता को अवैध तरीके से हिरासत में नहीं रखती, तो यह घटना नहीं होती। लोगों ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
मौके पर अपर जिलाधिकारी नगर शैलेंद्र सिंह, एडिशनल सिटी मजिस्ट्रेट विनय सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह, यातायात पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, पुलिस क्षेत्राधिकारी इंदिरापुरम अंशु जैन, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रथम अभय मिश्र कई थानों की पुलिस के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने स्वजन व गुस्साए लोगों को समझाया। उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उसके बाद लोग शांत हुए। करीब 20 मिनट रोड जाम रहा। स्वजन व लोग घर गए।
गाजीपुर श्मशान स्थल पर हुआ अंतिम संस्कार : स्वजन भानू के शव को गाजीपुर श्मशान घाट ले गए। वहां पर गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया।
पुलिस की ओर से दर्ज होगी रिपोर्ट : पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार को लोगों ने मीडियाकर्मी के साथ मारपीट की थी। शनिवार को रोड जाम किया है। पुलिस ने इस दौरान वीडियोग्राफी की है। फोटो ली। उसे लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि इन मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।