वसुंधरा में मृत मिले कबूतर, बर्ड फ्लू की आशंका से दहशत
जासं साहिबाबाद वसुंधरा सेक्टर-15 स्थित शिखर एंक्लेव में पिछले एक सप्ताह में 20 से भी अधिक क
जासं, साहिबाबाद: वसुंधरा सेक्टर-15 स्थित शिखर एंक्लेव में पिछले एक सप्ताह में 20 से भी अधिक कबूतर मृत पाए जा चुके हैं। रविवार को भी दो मृत कबूतर मिले। कबूतरों के बर्ड फ्लू से मौत होने की आशंका पर लोगों में दहशत है। लोगों ने मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत कर कबूतरों के मौत की जांच करने की मांग की है।
शिखर एंक्लेब निवासी संदीप कुमार गुप्ता का कहना है कि आए दिन कबूतरों की मौत हो रही है। इससे पहले कभी इतने कबूतर नहीं मरते थे। एक सप्ताह में 20 कबूतरों की संदिग्ध मौत हो चुकी है। मरे हुए कबूतरों के मुंह से हल्का खून निकला हुआ है। ऐसे में लोगों को लग रहा है कि कबूतरों की मौत बर्ड फ्लू से हुई है। इसको लेकर लोगों में दहशत का माहौल है। लोग कबूतरों के पास नहीं आ जा रहे हैं।
शिकायत कर जांच की मांग: संदीप गुप्ता का कहना है कि लोगों की समस्या और दहशत को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री के जन सुनवाई पोर्टल पर शिकायत कर कबूतरों के सैंपल लेकर जांच की मांग की है, जिससे कबूतरों की मौत की सही वजह का पता लग सके।
दहशत में खत्म हो रहा पक्षियों के प्रति प्यार: बर्ड फ्लू के डर से लोगों और पंक्षियों के बीच दूरी बनती जा रही है। लोग कबूतरों को दाना भी नहीं डाल रहे हैं, जिससे की कबूतर लोगों के छत या बालकनी में न आएं। यह बेजुबान पक्षियों के लिए भी घातक है।