किसानों की रणनीति समझने में जुटे अधिकारी, बढ़ेगा पुलिस बल
जागरण संवाददाता साहिबाबाद यूपी गेट पर चल रहे किसान आंदोलन में शुक्रवार को कड़ी सुरक्ष्
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद: यूपी गेट पर चल रहे किसान आंदोलन में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था रही। अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन राजीव सभरवाल और पुलिस महानिरीक्षक मेरठ रेंज प्रवीण कुमार ने सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। किसान नेताओं से बातचीत की। गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड को लेकर उनकी रणनीति के बारे में वार्ता की। माना जा रहा है कि अधिकारी रणनीति के आधार पर अपनी योजना तय करेंगे। हालांकि यहां पर पुलिस बल बढ़ाने की तैयारी की गई है।
कड़ी रही सुरक्षा-व्यवस्था: क्षेत्र को सात जोन और 13 सेक्टर में बांटकर सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी की गई है। अधिकारी की राउंड द क्लाक तैनाती की गई है। शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी नगर शैलेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी इंदिरापुरम अंशु जैन आंदोलन स्थल पर डटी रहीं। अधिकारी लगातार आंदोलन स्थल पर गतिशील रहे।
पहुंचे आलाधिकारी: अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन राजीव सभरवाल और पुलिस महानिरीक्षक मेरठ रेंज प्रवीण कुमार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी के साथ शुक्रवार दोपहर में यूपी गेट पहुंचे। यहां मौजूद किसान नेता सरदार वीएम सिंह से वार्ता की। टैक्टर परेड, किसानों से भरवाए जा रहे मुचलकों और अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई।
अधिकारियों संग की वार्ता: यहां के अधिकारियों ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से वार्ता की। आपस में समन्वय बनाने की बात हुई। शाम को आलाधिकारियों की वैशाली के पीएसी में बनाए गए कैंप कार्यालय में बैठक हुई। उसमें गाजीपुर किसान आंदोलन कमेटी के सदस्य भी शामिल हुए। अधिकारियों ने किसान नेताओं से टैक्टर परेड के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के निर्णय को माना जाएगा।
खुफिया विभाग सतर्क: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने खुफिया विभाग की टीम के साथ आंदोलन स्थल का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, आंदोलन स्थल पर अर्धसैनिक बल, पीएसी और सिविल पुलिस बढ़ाने की योजना बनाई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी का कहना है कि आंदोलन स्थल पर कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था है। पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
64 संदिग्ध पकड़े गए: आंदोलन स्थल से शुक्रवार को 64 संदिग्ध पकड़े गए। उनमें से 10 का शांतिभंग में चालान हुआ। अन्य का नाम-पता नोट कर स्वजन के हवाले कर दिया गया।
दिल्ली पुलिस ने मजबूत किए बैरिकेड : दिल्ली पुलिस ने यूपी गेट पर बैरिकेड लगाए हैं। उसे लोहे की मजबूत जंजीरों से बांधा गया है। जंजीरों को खंभों से बांधा गया है।