Rakesh Tikait के खिलाफ फूटा वाल्मीकि समाज के लोगों का गुस्सा, कहा- इनका किसानों से कोई लेना-देना नहीं
Rakesh Tikait News वाल्मीकि समाज के लोगों ने भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का पुतला फूंका। तीनाें कृषि कानूनों के विरोध में यूपी गेट पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों को हटाने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर बड़ा आंदोलन करने का एलान किया।
गाजियाबाद [अवनीश मिश्र]। खोड़ा के इंदिरा विहार स्थित राणा जी चौक पर शनिवार दोपहर वाल्मीकि समाज के लोगों ने भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का पुतला फूंका। तीनाें कृषि कानूनों के विरोध में यूपी गेट पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों को हटाने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर बड़ा आंदोलन करने का एलान किया। शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे वार्ड चार के सभासद सोनू के नेतृत्व में वाल्मीकि समाज के लोग इंदिरा विहार के राणा जी चौक पर एकत्रित हुए। लोगों ने राकेश टिकैत का पुतला फूंक। उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किसान अपने खेतों में काम कर रहा है। यूपी गेट पर गुंडे बैठे हैं। उनका खेती-किसानी से कोई लेनादेना नहीं है। उनकी वजह से हर दिन लाखों लोग परेशान हो रहे हैं। वाहन चालक जाम से जूझ रहे हैं। ईंधन और समय की बर्बादी हो रही है। खोड़ा की संकरी गलियाें से होकर वाहन चालक दिल्ली जाने को मजबूर होते हैं।
इससे उनके साथ स्थानीय निवासियों को भी परेशानी होती है। इन सभी समस्याओं को देखते हुए यूपी गेट से प्रदर्शनकारियों को तत्काल हटाया जाए अगर ऐसा नहीं होगा तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
हमले की निंदा
वाल्मीकि समाज के लोगों ने कहा कि यूपी गेट पर भारतीय जनता पार्ट के प्रदेश मंत्री अमित वाल्मीकि पर हमला करके प्रदर्शनकारियों ने साबित कर दिया कि वह किसान नहीं बल्कि गुंडे हैं। यह वाल्मीकि समाज कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
वार्ड नंबर चार खोड़ा के सभासद सोनू ने कहा कि यूपी गेट पर चल रहे प्रदर्शन की वजह से बहुत दिक्कत हो रही है। प्रदर्शनकारियों को जल्द से जल्द हटाया जाए। रास्ता खुलने से लाखों लोगों को राहत मिलेगी।