गाजियाबाद में मिले दो और कोरोना पॉजिटिव, सीएचसी अधीक्षक की रिपोर्ट आई निगेटिव
गाजियाबाद में गुरुवार को दो और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसके साथ ही यह आकड़ा अब 55 पहुंच गया है।
गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। गाजियाबाद में गुरुवार को दो और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसके साथ ही यह आकड़ा अब 55 पहुंच गया है। हालांकि इसमें से 15 मरीज स्वस्थ्य होकर घर जा चुके हैं। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए प्रशासन ने जिले की सीमा सील कर दी है।
इधर, सीएचसी अधीक्षक की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अच्छी बात यह है कि लगातार उनकी दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है। रिपोर्ट के बाद उन्हें डिस्चार्ज किया गया है। इससे पहले बुधवार को जिले में तीन मरीज मिले थे। वहीं, शिप्रा सनसिटी निवासी स्वस्थ होने के बाद घर भी पहुंच कर होम क्वारंटाइन में है। बुधवार को जिस लड़की की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी वह वसुंधरा की सुपरटेक सोसायटी की रहने वाली थी। दिल्ली में लालपैथ लैब में उसकी जांच के बाद कोरोना की पुष्टि हुई थी।
इधर, महामारी एक्ट लागू होने के बाद भी जिले में अनेक डॉक्टर जहां दिन-रात काम कर रहे हैं वहीं पर कार्यरत कई डॉक्टर एवं पैरामेडिकल कर्मचारी ऐसे हैं जो डयूटी से गायब हैं। कई चिकित्सक निर्देशों के बाद भी ड्यटी से गायब हैं।
स्वास्थ्य विभाग के ऐसे स्टाफ पर अब सीएमओ ने शिकंजा कस दिया है। पांच चिकित्सकों समेत एक दर्जन स्टाफ की वेतन पर रोक लगा दी गई है। इनकी सूचना डीएम के अलावा शासन को भेज दी गई है। सीएमओ डॉ. एन के गुप्ता ने बताया कि दो महिला डॉक्टर डयूटी से एक महीने से गायब है।
इनकी डयूटी कोरोना मरीजों की देखभाल के अलावा फीवर क्लीनिक पर लगाई गई है। इनमें एक जीडीए में लंबे समय तक पोस्ट रहे मुख्य अभियंता की पत्नी हैं और ट्रांस हिंडन में रहती हैं। जिले में कुल 88 पदों के सापेक्ष 64 डॉक्टर कार्यरत हैं। डॉक्टरों के 24 पद खाली हैं। जिले में नियुक्त छह डॉक्टरों ने त्याग पत्र दे दिया है। इससे पूर्व गैरहाजिर रहने पर पांच डॉक्टरों की सेवा समाप्त हो चुकी है। 12 डॉक्टरों की सेवाएं समाप्त करने की तैयारी है।