Delhi–Meerut Expressway: गाजियाबाद से दिल्ली व नोएडा जाने वाले लाखों लोगों को सफर हुआ आसान
Delhi–Meerut Expressway एक्सप्रेस-वे का निर्माण अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। ऐसे में अब एनएचएआइ ने फ्लाईओवरों को वाहनों के लिए खोलना शुरू कर दिया है।
गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। Delhi–Meerut Expressway: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के निर्माण के अंतिम चरण में आने के साथ ही फ्लाईओवर शुरू होने लगे हैं। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (National Highways Authority of India) ने बुधवार को डूंडाहेड़ा और शांति नगर के बीच बन रहे फ्लाईओवर की तीन लेन खोल दी हैं। इससे गाजियाबाद से दिल्ली और नोएडा जाने वाले वाहन चालकों का सफर आसान हो गया है।
विजयनगर और डूंडाहेड़ा के पास जाम होगा खत्म
गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य इलाकों से दिल्ली-नोएडा के बीच सफर करने वाले लोगों को विजयनगर और डूंडाहेड़ा के पास जाम से जूझना पड़ रहा था। हालांकि इंदिरापुरम और अन्य इलाकों में कई फ्लाईओवर शुरू कर दिए गए हैं। डूंडाहेड़ा के पास वाहनों के अधिक दबाव और सड़क संकरी होने के चलते वाहन चालकों को जाम से होकर गुजरना पड़ता था।
जल्द खुलेगा फ्लाईओवर का दूसरा हिस्सा
बता दें कि एक्सप्रेस-वे का निर्माण अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। ऐसे में अब एनएचएआइ ने फ्लाईओवरों को वाहनों के लिए खोलना शुरू कर दिया है। बुधवार को डूंडाहेड़ा और शांति नगर के बीच बने फ्लाईओवर की तीन लेन खोल दी गईं। इसके बाद वाहन चालक आसानी से गाजियाबाद से नोएडा व दिल्ली के बीच सफर तय कर सकेंगे। फ्लाईओवर का दूसरा हिस्सा भी जल्द खोलने का दावा किया जा रहा है।
जल्द अंडरपास भी खुलेंगे
एनएचएआइ के उप महाप्रबंधक मुदित गर्ग ने बताया कि फ्लाईओवर की तीन लेन खोल दी गई हैं। इसके साथ ही कई अंडरपास भी जल्द ही खोले जाएंगे। सीआइएसएफ पर बन रहे अंडरपास का काम भी अंतिम चरण में है।
यहां पर बता दें कि वर्तमान में नेशनल हाईवे- 9 से रोजाना हजारों की संख्या में लोग दिल्ली और यूपी आवागमन करते हैं। इनमें हापुड़, मेरठ और गाजियाबाद जाने वाले वाहन चालकों की संख्या ज्यादा होती है।