Ghaziabad News: मशहूर कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा के खिलाफ समन जारी
Ghaziabad News मशहूर कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा के खिलाफ समन जारी कर अदालत ने उन्हें तलब किया है। धोखाधड़ी के मामले में वह फिलहाल अग्रिम जमानत पर हैं। अदालत ने उन्हें नोटिस जारी कर जमानत कराने के लिए भी कहा है।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। मशहूर कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा के खिलाफ समन जारी कर अदालत ने उन्हें तलब किया है। धोखाधड़ी के मामले में वह फिलहाल अग्रिम जमानत पर हैं। अदालत ने उन्हें नोटिस जारी कर जमानत कराने के लिए भी कहा है।
गाजियाबाद के मोरटा गांव के रहने वाले सतेंद्र त्यागी ने रेमो डिसूजा पर पांच करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया था। उक्त मामले में वर्ष 2016 में सतेंद्र त्यागी ने गाजियाबाद के सिहानी गेट थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मोटे मुनाफे की बात कहकर रेमो डिसूजा ने सतेंद्र त्यागी से वर्ष 2013 में ''अमर मस्ट डाई'' फिल्म के निर्माण पर पांच करोड़ रुपये लगवाए थे।
इस फिल्म में जरीन खान और राजीव खंडेलवाल ने मुख्य भूमिका निभाई थी। पांच करोड़ रुपये लगाने के बाद सत्येंद्र त्यागी को 10 करोड़ रुपये देने का वादा किया गया था। काफी समय तक सत्येंद्र त्यागी को कोई रकम वापस नहीं मिली तो उन्होंने रेमो डिसूजा को फोन कर तकादा किया। इसके बाद 13 दिसंबर 2016 को पीड़ित को फोन कर जान से मारने की धमकी दी गई थी।