Ghaziabad LockDown 4 Guidelines: गाजियाबाद में कल से शुरू हो सकती हैं व्यावसायिक गतिविधियां, इन दुकानों के खुलने के ज्यादा चांस
Ghaziabad LockDown 4 Guidelinesकई ने बाजार व दुकानें ऑड व ईवन की व्यवस्था के अनुसार खोले जाने का सुझाव दिया। वहीं कुछ व्यापारियों ने सातों दिन बाजार खोलने की मांग रखी है।
गाजियाबाद, जागरण संवादादाता। कोरोना वायरस के चलते लागू हुए लॉकडाउन चार के दौरान सरकार द्वारा दी गई छूट के बाद शुक्रवार से जिले में व्यावसायिक गतिविधियां शुरू की जा सकती हैं। इसको लेकर जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की और उनके सुझाव लिए। व्यापारियों ने तमाम तरह के सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। अब इन सुझावों पर मंथन कर प्रशासन अपना एक्शन प्लान बृहस्पतिवार को जारी करेगा और इसके बाद शुक्रवार से जिले में व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। जिलाधिकारी ने व्यावसायिक गतिविधियां शुरू होने के बाद व्यापारियों से शारीरिक दूरी के नियम का पालन कराने व मानकों के अनुसार व्यवस्था तैयार करने की अपील की।
बता दें कि लॉकडाउन चार के तहत देश भर में सरकार द्वारा व्यावसायिक गतिविधियों में काफी छूट का ऐलान किया गया है। इसका निर्णय केंद्र सरकार ने प्रदेश सरकारों पर छोड़ा है कि वह इन निर्देशों को अपने हिसाब से राज्यों में लागू कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश शासन ने सोमवार को ही प्रदेश में गतिविधियों को लेकर रूपरेखा जारी कर दी है। अब जिला प्रशासन जिले में व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर मंथन कर रहा है।
इस संबंध में जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उनके सुझाव मांगे। महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोपीचंद व महामंत्री अशोक चावला ने बाजार व दुकानें ऑड व ईवन की व्यवस्था के अनुसार खोले जाने का सुझाव दिया। वहीं कुछ व्यापारियों ने सातों दिन बाजार खोलने की मांग रखी।
बैठक में चौपला समेत पुराने शहर के बाजारों पर खास निगरानी रखने पर चर्चा हुई। व्यापारियों के सुझावों को प्रशासन ने गंभीरता से सुना और व्यापारियों को जल्द बाजार व दुकानें खुलने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने बताया कि व्यापारियों के सुझाव ले लिए गए हैं, इन पर मंथन कर प्रशासन जल्द ही अपना एक्शन प्लान जारी करेगा।
संभावना जताई जा रही है कि शुक्रवार से जिले में व्यावसायिक गतिविधियों को शुरू करा दिया जाएगा। बैठक में उपायुक्त उद्योग केंद्र, उपायुक्त श्रम विभाग समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।