एक ही परिवार के चार बच्चों के अपहरण से मचा हड़कंप, मां ने लगाया पति पर आरोप Ghaziabad News
कड़कड़ मॉडल से बहन व तीन भाइयों का अपहरण हो गया। सीसीटीवी फुटेज में एक आदमी बच्चों को ले जाता दिखाई दिया है।
गाजियाबाद [धनंजय वर्मा]। जिले के लिंक रोड थाना क्षेत्र के कड़कड़ मॉडल से बहन व तीन भाइयों का अपहरण हो गया। सीसीटीवी फुटेज में एक आदमी बच्चों को ले जाता दिखाई दिया है। पीड़ित मां का आरोप है कि उनकी बेटी से उनके पति ने बीते माह दुष्कर्म किया था। इस मामले में आरोपित पिता को लिंक रोड थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अदालत में पेशी के दौरान बीती 1 नवंबर को आरोपित पिता पुलिस हिरासत से फरार हो गया था, जो अभी तक गिरफ्तार नहीं हो सका है।
अपहृत बच्चों की मां का कहना है कि उनकी ननद व उनके ससुराल के अन्य लोग उन पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे। आशंका है कि उनके पति ने ही चारों बच्चों का अपहरण कराया है। पीड़िता ने लिंक रोड थाने में अज्ञात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता वसुंधरा की एक कोठी में काम करती है। शनिवार शाम छह बजे घर पहुची तो बच्चे गायब मिले। रात करीब एक बजे पुलिस में मामले में रिपोर्ट दर्ज की।