Ghaziabad Cab Driver Murder Case: कैब लूटने के लिए की थी चालक की हत्या, 2 गिरफ्तार
Ghaziabad Cab Driver Murder Case 12 सितंबर को गाजियाबाद में कैब लूटने के लिए चालक की हत्या हुई थी। पुलिस ने दो हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
गाजियाबाद [अवनीश मिश्र]। Ghaziabad Cab Driver Murder Case: मोहन नगर चौराहा पर 12 सितंबर की सुबह कैब में मिले चालक के शव के मामले का पुलिस ने शुक्रवार को राजफाश कर दिया है। कैब लूटने के लिए चालक की हत्या हुई थी। पुलिस ने दो हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से चालक का मोबाइल, पिस्टल और कारतूस बरामद हुआ है। दो अन्य हत्यारोपित फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया है कि हत्यारोपितों की पहचान लोनी बार्डर निवासी आशीष और करावल नगर में रहने वाले सोहन पाल के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि इन दोनों ने रंजीत और अंशुल के साथ मिलकर कैब लूटने की योजना बनाई थी। 11 सितंबर की मध्य रात्रि में धौलाकुंआ से आनंद विहार के लिए दो सौ रुपये में कैब बुक की थी। रास्ते में लघुशंका के बहाने कैब रुकवाई। चालक सिकंदर पासवान को पीछे खींच लिया। कैब को अपने कब्जे में ले लिया। सिकंदर ने विरोध किया, तो उनकी जमकर पिटाई कर दी। सिर पर वार कर दिया। उसे कैब में डालकर गाजियाबाद की ओर भागे। 12 सितंबर की सुबह मोहन नगर चौराहा के पास पुलिस की चेकिंग चल रही थी। इस दौरान उनको लगा कि सिकंदर की मौत हो गई है। पकड़े जाने के भय से शव सहित कैब मोहन नगर चौराहा पर खड़ी कर फरार हो गए।
ऑटो से गए करावल नगर
पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक वर्मा ने बताया है कि मामले की जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान एक ऑटो रडार पर आया। जांच-पड़ताल की गई, तो पता चला कि 12 सितंबर की सुबह मोहन नगर चौराहा से ऑटो करावल नगर तक गया है। छानबीन के बाद हत्यारोपितों की जानकारी मिली। बृहस्पतिवार रात में हत्यारोपित आशीष और सोहन पाल को नागद्वार करहैड़ा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से सिकंदर का मोबाइल बरामद हुआ है। पिस्टल और कारतूस भी मिला है। रंजीत व अंशुल की तलाश की जा रही है।
यह है मामला
मूल रूप से झारखंड के जिला गिरीडीह थाना सरिया ग्राम पुरनीडीह के रहने वाले 30 वर्षीय सिकंदर पासवान श्रीनिवासपुरी लाजपत नगर दिल्ली में परिवार के साथ किराए पर रहते थे। वह अपने जीजा सुजीत पासवान की कैब (कार) चलाते थे। 12 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे मोहन नगर चौराहा पर कैब में उनका शव मिला था।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो