कांग्रेस ने दिवंगत प्रवक्ता राजीव त्यागी की पत्नी को बनाया साहिबाबाद से उम्मीदवार, मोदीनगर से नीरज कुमारी प्रजापति को टिकट
कांग्रेस ने पूर्व प्रवक्ता रहे राजीव त्यागी की पत्नी संगीता त्यागी को साहिबाबाद से उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं मोदीनगर सीट पर नीरज कुमारी प्रजापति को टिकट दिया गया है। कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता राजीव त्यागी की हृदय गति रुकने पर मौत हो गई थी।
गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। कांग्रेस ने होल्ड पर रखी गई मोदीनगर और साहिबाबाद विधानसभा सीट से उम्मीद के मुताबिक महिला प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। साहिबाबाद से पार्टी के पूर्व प्रवक्ता रहे राजीव त्यागी की पत्नी संगीता त्यागी को उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं, मोदीनगर सीट पर नीरज कुमारी प्रजापति को टिकट दिया गया है। कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता राजीव त्यागी की हृदय गति रुकने पर मौत हो गई थी। उनकी पत्नी संगीता त्यागी पिछले करीब 25 वर्षाें से एक स्कूल में आठवीं कक्षा के बच्चों को साइंस पढ़ाती हैं। फिलहाल वह अपने पति (राजीव त्यागी) की मौत के बाद राजीव त्यागी फाउंडेशन के माध्यम से परिवार के साथ जनसेवा से जुड़ी हैं।
उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए उन्हें प्रियंका गांधी वाड्रा का फोन आया, जिसमें उन्होंने चुनाव लड़ने के लिए कहा और उन्होंने इसके लिए हां कह दी। वह जनसेवा के लिए राजनीति में कदम रखेंगी। वहीं, मोदीनगर से पार्टी ने नीरज कुमारी प्रजापति को प्रत्याशी बनाया है। वह पिछले काफी समय से पार्टी की सदस्य होने के साथ ही कांग्रेस के राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग में हैं।
बता दें कि गाजियाबाद में दस फरवरी को चुनाव होगा। मतगणना दस मार्च को होगी।नामांकन प्रक्रिया चल रही है। माना जा रहा है कि जल्द ही ये दोनों कांग्रेस उम्मीदवार भी नामांकन दाखिल कर देंगी।