बसपा की मायावती व सपा के अखिलेश को ब्राह्मणों पर बोलने का कोई हक नहीं: प्रांशु दत्त
भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी का जो पदभार संभालने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। गाजियाबाद में बुधवार सुबह दैनिक जागरण से बातचीत में प्रांशु ने कहा कि योगी सरकार ने चार लाख लोगों को नौकरी दी है।
गाजियाबाद, [आयुष गंगवार]। भगवान परशुराम की भांति योगी आदित्यनाथ प्रदेश से अत्याचारियों का सफाया कर रहे हैं। यही वजह है कि सूबे की जनता इस बार भी भारी बहुमत के साथ भाजपा को दोबारा जिताएगी। यह कहना है भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी का, जो पदभार संभालने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। गाजियाबाद में बुधवार सुबह दैनिक जागरण से बातचीत में प्रांशु ने कहा कि योगी सरकार ने चार लाख लोगों को नौकरी दी है, जबकि पूर्व की सरकारें वर्ग विशेष का ही भला करती थीं।
गोरखपुर-गाजियाबाद में एक समान विद्युत आपूर्ति
विपक्ष पर हमला बोलते हुए प्रांशु ने कहा कि प्रदेश में आज सभी वर्ग एक समान हैं। सबका साथ, सबका विकास की तर्ज पर योजनाओं का लाभ सभी को मिल रहा है। सपा सरकार में सिर्फ इटावा में बिजली पर्याप्त रहती थी तो वहीं आज गोरखपुर से लेकर गाजियाबाद तक एक समान विद्युत आपूर्ति मिल रही है। पश्चिम में कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन के चलते भाजपा को आगामी चुनाव में नुकसान से इन्कार करते हुए कहा कि गन्ना और गेहूं का रिकार्ड भुगतान हुआ है। किसान खुश है। महज कुछ लोग अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश कर रहे हैं।
मायावती की जान बचाने वाले के बेटे का किया अपमान
सपा के भगवान परशुराम की सबसे ऊंची प्रतिमा लगाने की तैयारी को लेकर प्रांशु बोले कि, इससे ब्राह्मणों का भला नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के शासन में फर्रुखाबाद, एटा, इटावा, मैनपुरी समेत कई जिलों में ब्राह्मणों की हत्या की गई। हकीकत में योगी आदित्यनाथ भगवान परशुराम की भांति प्रदेश से अत्याचारियों का सफाया कर जनता को भयमुक्त माहौल दे रहे हैं। जनता भी समझती है। ब्राह्मणों के भाजपा से नाराज होने को लेकर मायावती के बयान और ब्राह्मण सम्मेलन को लेकर प्रांशु बोले कि बसपा या सपा को तो ब्राह्मणों पर बोलने का हक ही नहीं है। कहा, जिन ब्रह्मदत्त द्विवेदी ने मायावती को गेस्ट हाउस कांड में सपा के गुंडों से बचाया, उन्हीं के बेटे को बसपा ने अपमानित कर पार्टी से निकाल दिया। मैं ब्रह्मदत्त द्विवेदी का भतीजा हूं और मंदिर के लिए आंदोलन करने पर रासुका लगाकर मुझे आठ माह तक जेल में रखा गया।
प्रियंका पालिटिकल टूरिज्म पर रहती हैं
प्रियंका गांधी वाड्रा के गठबंधन के संकेतों को लेकर प्रांशु ने कहा कि, प्रियंका पालिटिकल टूरिज्म पर निकलती रहती हैं। जनता का इससे सरोकार नहीं है। कोविड काल में सभी घर में बैठे रहे, सिर्फ भाजपाई ही जनता को मदद बांटते रहे। प्रांशु ने कहा कि आगामी चुनाव में कांग्रेस को 10 सीट भी मिल जाएं तो बहुत होंगी।
ओवैसी को जनता नकारेगी
विधानसभा चुनाव से पहले आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदउद्दीन ओवैसी के यूपी का दौरा करने को लेकर प्रांशु ने कहा कि हो सकता है उनके समाज के कुछ लोग ओवैसी को पसंद करते हों, लेकिन जनता उन्हें नकारेगी। भाजपा से ओवैसी का कोई संबंध नहीं है। प्रांशु दत्त ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं से उत्साह बनाए रखने को कहा। प्रांशु के साथ भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष वरुण गोयल, प्रदेश मंत्री सतेंद्र नागर, क्षेत्रीय अध्यक्ष सुखविंदर सोम, भाजयुमो के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष गौरव चोपड़ा, पूर्व महानगर उपाध्यक्ष अमित त्यागी, सौरभ जायसवाल समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।