महिला को पीट रहा था शख्स, बचाने गए भाजपा नेता को कनपटी पर मारी गोली
लोगों ने बताया कि दिनेश पत्नी को पीट रहा है तो भाजपा नेता सतीश मौके पर पहुंचे और बीच बचाव की कोशिश की। आरोप है कि भतीजे दिनेश ने तमंचे से फायर कर दिया
गाजियाबाद, जेएनएन। सिहानीगेट थानाक्षेत्र स्थित राकेश मार्ग पर पारिवारिक विवाद में भतीजे ने अपने चाचा जो भाजपा के मंडल कोषाध्यक्ष के पद पर थे उन्हें गोली मार दी। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। यह घटना शुक्रवार देर रात की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भाजपा में मंडल के कोषाध्यक्ष थे
एसएचओ सिहानी गेट उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक कि पहचान सतीश दिवाकर (63) के रूप में हुई है। वह भाजपा के गांधीनगर मंडल के कोषाध्यक्ष थे और वह राकेश मार्ग में रहते थे। सतीश रिटायर्ड रेलवे कर्मी भी थे। शुक्रवार देर रात 10 बजे भाई राजेंद्र का बेटा दिनेश जो जनरेटर कारोबारी है, परिवार से झगड़ा कर रहा था।
विवाद में लगी गोली
लोगों ने बताया कि दिनेश पत्नी को पीट रहा है तो सतीश मौके पर पहुंचे और बीच बचाव की कोशिश की। आरोप है कि भतीजे दिनेश ने तमंचे से फायर कर दिया, गोली सतीश की कनपटी पर जा लगी। गोली लगते ही वह गिर पड़े और दिनेश भाग गया।
आसपास के लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया
आसपास के लोगों की मदद से परिजन घायल को यशोदा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने सतीश को मृत घोषित कर दिया। एसएचओ सिहानी गेट उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। घर की तलाशी में हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद हो गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।