टूटी सड़क पर डायवर्जन कर नाकामी छुपा रहा नगर निगम
जागरण संवाददाता साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र साइट- चार में महाराजपुर के सामने सौर ऊर्जा माग
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद :
औद्योगिक क्षेत्र साइट- चार में महाराजपुर के सामने सौर ऊर्जा मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। नगर निगम इन गड्ढों को नहीं भर पा रहा है। जिस लेन पर गड्ढे हैं उसे बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया है। डायवर्जन कर दूसरी लेन पर दोनों तरह से वाहनों को गुजारा जा रहा है। इस तरह नगर निगम अपनी नाकामी छिपा रहा है। वहीं, असुविधा से लोग परेशान हैं।
कौशांबी की ओर जाने वाली सौर ऊर्जा मार्ग की लेन महाराजपुर के पास बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। अन्य स्थानों पर सौर ऊर्जा मार्ग को दोबारा से बना दिया गया है लेकिन महाराजपुर में सड़क नहीं बनी है। यहां पर सड़क में बड़े बड़े गड्ढे हो चुके हैं। गड्ढों में कार व अन्य वाहन फंस जाते हैं इससे यहां पर जाम लगता था। स्थानीय लोग व राहगीर सड़क न बनने पर नगर निगम को कोस रहे थे। इसके बाद नगर निगम की ओर से इस लेन को बंद कर वाहनों को दूसरी लेन पर डायवर्ट किया गया है। ऐसे में एक ही लेन पर दोनों तरफ से वाहनों को गुजारा जा रहा है। इससे हादसे का डर बना हुआ है। स्थानीय पार्षद आरिफ का कहना है कि उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से जल्द सड़क बनाने की मांग की है।
---------
सड़क के निर्माण के लिए टेंडर हो चुका है। आगामी सप्ताह में सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद लोगों की समस्या हल हो जाएगी। - मोइनुद्दीन, मुख्य अभियंता नगर निगम