नगर निगम में बनेगा आधुनिक नियंत्रण कक्ष, कर सकेंगे ऑनालाइन शिकायत
जागरण संवाददाता गाजियाबाद गंदगी नाले नाली सड़क टैक्स अवैध कब्जे संबंधी शिकायत करने
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : गंदगी, नाले, नाली, सड़क, टैक्स, अवैध कब्जे संबंधी शिकायत करने के लिए नगर निगम में अब दर-दर की ठोकर नहीं खानी होंगी। शहरवासियों की सहूलियत के लिए नवयुग मार्केट स्थित नगर निगम मुख्यालय में पांचवें तल पर जल्द आधुनिक नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया जाएगा। इसमें सिगल विडो सिस्टम होगा। जनता ऑनलाइन और ऑफलाइन तरीके से शिकायत कर सकेगी। कंट्रोल रूम द्वारा संबंधित विभाग को शिकायत अग्रसारित कर दी जाएगी। निस्तारण होने पर शिकायतकर्ता को संदेश भेज कर सूचित किया जाएगा। इसके लिए एप बनवाने पर भी मंथन चल रहा है। ट्रैक कर सकेंगे शिकायत इस सुविधा को देने के लिए आइटी सेल को सक्रिय किया जाएगा। कंट्रोल रूम का खाका खींचने के लिए इस सेल में तैनात विशेषज्ञों के साथ मंथन किया जा रहा है। कंट्रोल रूम के विभिन्न प्रारूपों का अध्ययन किया जा रहा है। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहरवासियों को शिकायत ट्रैक करने की सुविधा दी जाएगी। वह एक क्लिक पर जान सकेंगे कि उनकी शिकायत किस अधिकारी और पटल पर लंबित पड़ी है।
----
भ्रष्टाचार पर लगेगी लगाम कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायतों और जानकारियों पर नगर आयुक्त सीधे नजर रखेंगे। ऐसे में पारदर्शिता बनी रहेगी। भ्रष्टाचार पर भी लगाम लगेगा। शिकायत निस्तारण में देरी होने पर नगर आयुक्त संबंधित अधिकारी और कर्मचारी से जवाब तलब कर सकेंगे।
------
नगर निगम क्षेत्र पर एक नजर क्षेत्रफल : 210 वर्ग किलोमीटर
वार्ड : 100
आबादी : 17.29 लाख
भवन : 3.61 लाख
-----
शिकायत निस्तारण की व्यवस्था दुरुस्त हो जाए तो शहरवासियों की ज्यादातर समस्याएं दूर हो जाएंगी। इसके लिए नया आधुनिक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। उसका प्रारूप तैयार किया जा रहा है।
- महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त