बिना केक काटे पहली बार मना मायावती का जन्म दिन
जागरण संवाददाता गाजियाबाद पहली बार न केक कटा और न ही जश्न मना लेकिन बसपा सुप्रीमो एवं प्र
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद: पहली बार न केक कटा और न ही जश्न मना लेकिन बसपा सुप्रीमो एवं प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का 65वां जन्मदिन मनाया गया। मुरादनगर हादसे के चलते जिले के बसा नेताओं ने सादगी के साथ जन्मदिन मनाया। बसपा नेताओं ने जन्मदिन के मौके पर जिले भर के पांच हजार गरीबों एवं असहाय लोगों को सर्दी के मौसम में कंबल बांटकर संदेश दिया कि गरीबों और असहाय लोगों की मदद से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। विधानसभा स्तर पर कंबल वितरित किए गए। शुक्रवार को लोहियानगर स्थित हिदी भवन में बसपा मुखिया मायावती के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। मुख्यअतिथि पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी समसुद्दीन राइन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने जन्मदिन मनाने से मना कर दिया है। उन्होंने कहा है कि कोरोना काल में लाखों लोग बेरोजगार हो गए, मुरादनगर हादसा हो गया और किसानों की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है किसान परेशान है। ऐसे में जश्न नहीं मनाना गलत है। जरूरतमंद, गरीब और असहाय लोगों की मदद करने के लिए बसपा तैयार है और आगे भी काम करती रहेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के समन्वयक वीरेंद्र जाटव ने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर काम करे। ऐसे लोगों के बीच में कार्यकर्ता जाएं जो वास्तविक परेशान हैं। उनकी मदद करें और समस्या का समाधान कराएं। बसपा कार्यकर्ता झुग्गी-झोपड़ी और मलिन बस्तियों में पहुंचे और हजारों गरीब लोगों को कंबल वितरित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष कुलदीप कुमार ने की। पार्षद आनंद चौधरी, रवि जाटव, सुरेश बंसल, सिकंदर यादव, कविद्र चौधरी, डा. पूनम गर्ग, मनोज शर्मा, धर्मवीर चौधरी, मेघानंद जाटव, राजकुमार सैन, यशपाल गौतम, अनिल गौतम, राधेश्याम त्यागी, असलम मंसूरी, जिला उपाध्यक्ष मुनव्वर चौधरी, नरेंद्र मोहित, शकील खान आदि मौजूद रहे।