गाजियाबाद में लॉकडाउन, दिल्ली की सीमाएं सील
जागरण संवाददाता साहिबाबाद ट्रांस हिडन में शुक्रवार रात 10 बजे से लॉकडाउन हो गया है।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : ट्रांस हिडन में शुक्रवार रात 10 बजे से लॉकडाउन हो गया है। गाजियाबाद-दिल्ली की सीमाएं पूरी तरह से सील कर दी गईं। सिर्फ आकस्मिक व जरूरी सेवाओं से जुड़े लोग आवाजाही कर सकेंगे। वहीं, शनिवार को अग्निशमन विभाग की ओर से जिले में वृहद स्तर पर सैनिटाइजेशन किया जाएगा।
जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने बताया है कि जिले में 55 घंटे तक यानी सोमवार सुबह पांच बजे तक शासन की गाइडलाइन के तहत तमाम गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी। इस समयावधि में गाजियाबाद-दिल्ली की सभी सीमाएं सील रहेंगी। पुलिस बल तैनात रहेगा। सिर्फ आकस्मिक और जरूरी सेवाओं से जुड़े लोग सीमाओं से आवाजाही कर सकेंगे। ट्रेन व रेल से जुड़े मुसाफिर अपना टिकट दिखाकर आ जा सकेंगे। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया है कि नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परेशान होंगे लोग:
गाजियाबाद-दिल्ली एक दूसरे से जुड़ी है। यहां रहने वाले लोग दिल्ली में काम धंधा व नौकरी करते हैं और दिल्ली में रहने वाले यहां काम धंधा व नौकरी करते हैं। सीमाएं सील होने की वजह से दिल्ली में नौकरी करने वाले लोग यहां से नहीं जा सकेंगे। इससे उन्हें परेशानी होगी। वहीं, शुक्रवार शाम को यूपी गेट व भोपुरा सीमा पर वाहनों का दबाव रहा, लेकिन रात आठ बजे स्थिति बिल्कुल सामान्य हो गई। रात 10 बजे पुलिस ने बैरियर लगाकर सीमा सील कर दी है। वृहद स्तर पर होगा सैनिटाइजेशन: मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया है कि कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए विभाग की ओर से दो अप्रैल से सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। अब तक तीन हजार स्थानों पर सैनिटाइजेशन हो चुका है। शनिवार व रविवार को वृहद स्तर पर सैनिटाइजेशन किया जाएगा। दो पालियों में होने वाले सैनिटाजेशन में 10 गाड़ियां के साथ 80 कर्मचारी लगाए जाएंगे।