नहीं पहुंचे आला अधिकारी, अर्थला की कार्रवाई स्थगित
अर्थला की झील पर बने मकानों के खिलाफ शनिवार को भी कार्रवाई नहीं हो सकी। नगर निगम के अधिकारी दल-बल के साथ इंदिरा प्रियदर्शिनी पार्क में प्रशासनिक टीम के आने का इंतजार करते रहे। हालांकि शाम चार बजे तक अधिकारियों के न आने पर सभी बैरंग लौट गए। कार्रवाई को स्थगित कर दिया गया। सोमवार को एनजीटी में सुनवाई के दौरान प्रशासन को एक्शन रिपोर्ट देनी है।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : अर्थला की झील पर बने मकानों के खिलाफ शनिवार को भी कार्रवाई नहीं हो सकी। नगर निगम के अधिकारी दल-बल के साथ इंदिरा प्रियदर्शिनी पार्क में प्रशासनिक टीम के आने का इंतजार करते रहे। हालांकि शाम चार बजे तक अधिकारियों के न आने पर सभी बैरंग लौट गए। कार्रवाई को स्थगित कर दिया गया। सोमवार को एनजीटी में सुनवाई के दौरान प्रशासन को एक्शन रिपोर्ट देनी है।
नगर निगम टीम के जोनल प्रभारी एसके गौतम के नेतृत्व में निगम कर्मचारी दल-बल के साथ सुबह 11 बजे इंदिरा प्रियदर्शिनी पार्क पहुंच गए। इसके बाद प्रशासन के अफसरों से संपर्क साधा गया तो उन्होंने एक बजे कार्रवाई करने की बात कही। इसके बाद थाना साहिबाबाद से कुछ पुलिसबल भी पहुंचा लेकिन कार्रवाई नहीं होती देख लौट गया। मामले में प्रशासन और नगर निगम अधिकारियों के बीच खराब तालमेल देखने को मिला। शाम चार बजे तक इंतजार करने के बाद नगर निगम की टीम लौट गई। हंगामे की आशंका पर पहुंचे लोकल इंटेलिजेंस यूनिट के अफसर भी लौट गए। गौरतलब है कि एनजीटी ने अर्थला की झील पर बने 550 मकानों को तोड़ने के आदेश दिए हैं। मामले में सोमवार को प्रशासन ने कार्रवाई की रिपोर्ट एनजीटी को देनी है।
आला अधिकारियों की सूचना पर टीम कार्रवाई के लिए पहुंच गई थी। किसी कारण से कार्रवाई स्थगित करने के आदेश मिले हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के बताए अनुसार दोबारा कार्रवाई की जाएगी।- एके गौतम, जोनल प्रभारी नगर निगम।