देवर का अंडरवियर नहीं धोया तो किया उत्पीड़न
पीड़िता ने जान का खतरा बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जासं, गाजियाबाद : देवर का अंडरवियर नहीं धोने पर ससुरालियों ने महिला का उत्पीड़न शुरू कर दिया। पीड़िता ने जान का खतरा बता आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता के मुताबिक रावली निवासी युवक से उनकी शादी मार्च-2019 में हुई थी। ससुराल पहुंची तो पता चला कि पति की गलत सैलरी बताकर रिश्ता किया गया है। इस बारे में बात की तो पति ने शराब पीकर पीड़िता के साथ गलत व्यवहार किया। कुछ दिन बाद देवर का अंडरवियर धोने का दबाव बनाने लगे। इन्कार करने पर झगड़ा किया, जिसके बाद वह मायके आ गई। कुछ दिन बाद समझौता हुआ, लेकिन ससुराल जाकर मारपीट कर दहेज की मांग शुरू कर दी गई। इसी बीच उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया। आरोप है कि बीमार होने पर बेटे का इलाज भी उन्होंने ही कराया। पति व ससुराली उसे देखने तक नहीं आए। पीड़िता का कहना है कि मानसिक रूप से परेशान हो चुकी हूं और ससुरालियों से उन्हें जान का खतरा है। एसएचओ मोहम्मद असलम का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।