महिलाओं ने संभाला मंच, आरपार की लड़ाई का एलान
जागरण संवाददाता गाजियाबाद 28 नवंबर से यूपी गेट पर शुरू हुआ किसान आंदोलन रोजाना रंग बदल
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद: 28 नवंबर से यूपी गेट पर शुरू हुआ किसान आंदोलन रोजाना रंग बदल रहा है। सोमवार का दिन किसानों ने महिला संकल्प दिवस के रूप में मनाया। इस दौरान आधी आबादी ने किसान आंदोलन के मंच की कमान संभाली और आंदोलन की रूपरेखा तैयार की। महिलाओं ने तीन कृषि कानूनों के वापस न होने तक आरपार की लड़ाई लड़ने का एलान किया है। सोमवार से 21 महिलाओं ने 24 घंटे की भूख हड़ताल शुरू की है। सोमवार सुबह आठ बजे से मंच पर भूख हड़ताल पर बैठीं महिलाएं मंगलवार सुबह आठ बजे तक भूख हड़ताल करेंगी।
किसानों द्वारा सोमवार को महिला संकल्प दिवस के रूप में मनाने की घोषणा के बाद रविवार को ही विभिन्न प्रदेशों से महिलाएं आंदोलन स्थल पर आनी शुरू हो गई थीं। सोमवार तड़के तक बड़ी संख्या में महिलाएं अपने बच्चों के साथ आंदोलन स्थल पर पहुंचीं और मंच की कमान संभाली। सुबह आठ बजे से 21 महिलाओं ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। मंच संचालन की जिम्मेदारी कानपुर की पूर्व सांसद सुभाषनी अली, रणवीत कौर, भारतीय किसान यूनियन महिला की जिलाध्यक्ष निर्देश चौधरी, नरिद्र कौर, हिना खान, हरशरण कौर समेत अन्य महिलाओं ने संभाली। महिलाओं ने मंच से कहा कि लड़ाई कितनी भी लंबी हो, यह तब तक जारी रहेगी जब तक सरकार तीनों कृषि कानूनों को वापस नहीं ले लेती। भूख हड़ताल पर बैठने वाली महिलाओं में रीना चौहान, बबली सिंह, नीलम, संगीता शर्मा, अंशुना लियाज भारती, मंजीत कौर, मनप्रीत कौर, अमरजीत कौर, मुखत्यार कौर, नरेंद्र कौर, निन्दर कौर, सुखविदर कौर, लखविदर कौर, जसवीर कौर, स्वर्णजीत कौर, सुरजीत कौर, रजवंत कौर, परमजीत कौर, सावित्री देवी चहार, डॉ. जेबा खान और अतीका खान शामिल हैं।