नेशनल कराटे चैंपियनशिप में जिले को 4 स्वर्ण 7 रजत
मुम्बई में आयोजित 10वीं नेशनल शोतोकान कराटे चैंपियनशिप में गाजियाबाद के खिलाड़ियों ने भी प्रतिभाग किया जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 खिलाड़ियों ने स्वर्ण व 7 ने रजत पदक हासिल किया।
जासं, गाजियाबाद : मुम्बई में आयोजित 10वीं नेशनल शोतोकान कराटे चैंपियनशिप में गाजियाबाद के खिलाड़ियों ने भी प्रतिभाग किया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 खिलाड़ियों ने स्वर्ण व 7 ने रजत पदक हासिल किया।
कराटे चैंपियनशिप में मुंबई भाग लेने गए गाजियाबाद कराटे स्कूल से प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ियों में रिया सिंह ने अपने भार वर्ग में स्वर्ण व काता में रजत पदक हासिल किया। इसी के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में महिला वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी होने का गौरव हासिल किया। इसके अलावा सोनम कश्यप, राहुल सिंह व देव कुमार ने अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीते। वहीं, रिया सिंह, आलिया खान, मनन सिंह, यशराज, हर्ष सक्सेना, विक्की सिंह व राहुल सिंह ने रजत पदक जीतकर गाजियाबाद का नाम रोशन किया। टीम कोच व मैनेजर शिहार नरेंद्र सिंह को प्रतियोगिता में अवार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। गाजियाबाद पहुंचने पर स्कूल अध्यक्ष शिदोसी, अनिल कौशिक ने संयुक्त रूप से बताया कि विजेता खिलाड़ियों के बुधवार को गाजियाबाद पहुंचने पर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, नेशनल कराटे प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का गौरव हासिल करने वाली रिया सिंह को अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए भेजा जाएगा।