छेड़छाड़ का विरोध करने पर किशोरी पर जानलेवा हमला
शहर की एक कॉलोनी निवासी 16 वर्षीय किशोरी को छेड़छाड़ का विरोध करना उस वक्त काफी मंहगा पड़ गया, जब विरोध करने से नाराज गांव सहबिस्वा में ही रहने वाले अधेड़ व्यक्ति ने अपने एक दर्जन साथियों के साथ मिलकर चाकू से हमला कर किशोरी को घायल कर दिया।
संवाद सहयोगी, मुरादनगर (गाजियाबाद) : छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक व्यक्ति ने अपने एक दर्जन साथियों के साथ मिलकर किशोरी पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपितों ने ताबड़तोड़ फाय¨रग भी की। परिजनों की तहरीर पर पांच नामजद तथा 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
एक कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ रहते है। 16 अगस्त को परिवार के सभी सदस्य किसी काम से बाहर गए थे। उनकी 16 वर्षीय पुत्री अपनी मौसी के साथ घर पर मौजूद थी। सुबह करीब 8 बजे साबूद्दीन मोटरसाइकिल से उनके घर आया। किशोरी ने जब दरवाजा खोला तो साबूद्दीन ने किशोरी का हाथ पकड़कर उसे बाहर खींचने का प्रयास किया। जब किशोरी ने विरोध किया तो आरोपित ने उस पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। किशोरी ने शोर मचा दिया। आसपास के लोगों ने आरोपित साबूद्दीन को धर दबोचा। इसी दौरान साबूद्दीन ने किसी तरह फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। एक आरोपित ने तमंचे से ताबड़तोड़ फाय¨रग कर साबूद्दीन को छुड़ा लिया और किशोरी व उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। परिजनों ने इस संबंध में थाने पहुंचकर तहरीर दी है।
एसओ लक्षेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर साबूद्दीन, अकबर, जहीर, मुन्ना अंसारी व छोटे निवासी गांव सहबिस्वा तथा छह अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर साबूद्दीन, मुन्ना अंसारी, छोटे व युनुस को गिरफ्तार कर लिया है। एसओ ने बताया कि पुलिस फरार आरोपित की तलाश में दबिश दे रही है। जल्द उनको भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़ित किशोरी को मेडीकल परीक्षण के लिए भेज दिया है।