एंबुलेंस कारिडोर पर किसान समर्थकों का कब्जा, परेशान हुए मरीज
अवनीश मिश्र साहिबाबाद कृषि कानूनों के विरोध में यूपी गेट पर चल रहे किसान आंदोलन को रि
अवनीश मिश्र, साहिबाबाद: कृषि कानूनों के विरोध में यूपी गेट पर चल रहे किसान आंदोलन को रविवार दोपहर में समर्थन देने पहुंचे बहुजन समाजवादी मंच (बसम) के कार्यकर्ता राहगीरों व मरीजों के लिए मुसीबत का सबब बने। उनका एंबुलेंस कारिडोर पर कब्जा रहा। इससे एंबुलेंस फंसी रही। उनमें सवार मरीजों को काफी दिक्कत हुई।
लिंक रोड पर लगा जाम: रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे बसम ने कौशांबी से माटी संकल्प मार्च निकाला। इसकी वजह से लिंक रोड पर जाम लग गया। पुलिस ने आनन-फानन वाहनों को विपरीत दिशा से निकलना शुरू की। उस दिशा से भी वाहन चलते रहे, इससे दुर्घटना की संभावना बनी।
दो एंबुलेंस फंसीं: लिंक रोड पर मार्च के दौरान दो एबुलेंस फंस गई। पुलिस ने वैशाली सेक्टर-एक स्थित अस्पताल जा रही एबुलेंस को अन्य वाहनों को रोककर निकाला। दिल्ली जा रही एंबुलेंस को विपरीत दिशा से भेजा गया।
अपील का नहीं हुआ असर: किसानों ने यूपी गेट पर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे की दिल्ली जाने वाली लेन पर मंच बना रखा है। एक किनारे रास्ता खाली रखकर एंबुलेंस कारिडोर बनाया है। उससे होकर एंबुलेंस दिल्ली जा रही हैं। रविवार दोपहर करीब ढाई बजे बसम के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मंच पर पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता एंबुलेंस कारिडोर पर खड़े हो गए। कारिडोर पूरी तरह से बंद हो गया। इस ओर आ रही एक एंबुलेंस को मंच से पहले से ही वापस कर दिया गया। मंच से किसान नेताओं ने एंबुलेंस कारिडोर खाली करने की तमाम अपील की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बसम का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शाम करीब पांच बजे कारिडोर खाली हुआ।
वाहनों की छतों पर बैठे रहे कार्यकर्ता: बसम के माटी संकल्प मार्च में शामिल तमाम वाहनों की छतों पर कार्यकर्ता बैठे रहे। वाहनों के पायदान पर खड़े होकर नारेबाजी करते रहे। इससे हादसे की संभावना बनी।
अन्य सीमाओं पर रहा जाम: यूपी गेट पर सर्विस रोड, राष्ट्रीय राजमार्ग-नौ व दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे की दिल्ली जाने वाली सभी लेनों पर किसानों का कब्जा है। यहां से कोई भी दिल्ली नहीं जा पा रहा है। वाहनों को खोड़ा, महाराजपुर, ईडीएम माल, चंद्र नगर, ज्ञानी बार्डर, डीएलएफ, भोपुरा सीमा से दिल्ली भेजा जा रहा है। इससे इन सीमाओं व रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। रविवार को खोड़ा, गौड़ ग्रीन एवेन्यू, महाराजपुर सीमा पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही।
दिल्ली से आने वाली लेन खुली रही : एनएच-नौ और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे की दिल्ली से आने वाली सभी लेन यूपी गेट पर खुली रहीं। यातायात सामान्य रहा। दिल्ली से आने वालों को कोई दिक्कत नहीं हुई। यातायात पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि किसान आंदोलन की वजह से रूट डायवर्जन किया गया है।
यह है रूट डायवर्जन:
- हापुड़ की ओर से यूपी गेट की ओर आने वाले वाहनों को डासना पुल, हापुड़ चुंगी, एएलटी राजनगर एक्सटेंशन, रोटरी गोलचक्कर, नागद्वार होते हुए भोपुरा सीमा से दिल्ली निकाला गया।
- जल निगम पुलिस चौकी से मेरठ तिराहा, मोहन नगर से आने वाले वाहनों को सीमापुरी सीमा से दिल्ली भेजा गया।
- मोहन नगर से यूपी गेट जाने वाले वाहन डाबर तिराहा से महाराजपुर सीमा से दिल्ली भेजा गया।
- छिजारसी, नोएडा सेक्टर-62, राहुल विहार अंडरपास, खोड़ा अंडरपास से आने वाले सभी वाहन नोएडा की ओर से दिल्ली भेजा गया।