वाह रे सिस्टम..जीवित का ही बना दिया मृत्यु प्रमाण-पत्र
मुरादनगर ब्लाक अंतर्गत मोहम्मदपुर-कदीम गांव में ग्राम सचिव की बड़ी लापरवाही देखने को मिली हैं। यहां अपने पति का मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए महिला ने आवेदन किया था। इसमें आवेदक का ही मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया है।
जागरण संवाददाता, मुरादनगर : मुरादनगर ब्लाक अंतर्गत मोहम्मदपुर-कदीम गांव में ग्राम सचिव की बड़ी लापरवाही देखने को मिली हैं। यहां अपने पति का मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए महिला ने आवेदन किया था। इसमें आवेदक का ही मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया है। इसकी भनक लगते ही सचिव से लेकर पूरा अमला मामले को रफादफा करने में जुटा है। ग्राम सचिव सोमवार को दूसरा प्रमाण-पत्र जारी करने की बात कह रही हैं।
मोहम्मदपुर-कदीम गांव के कपिल की 16 अक्टूबर को मौत हो गई थी। कपिल की पत्नी साधना ने अपने पति का मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी कराने के लिए तभी ग्राम सचिव के यहां आवेदन किया। आरोप है कि दो माह से ज्यादा वक्त बीतने के बाद भी उनके पति का मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी नहीं किया गया। कई बार फोन करने के बाद भी ग्राम सचिव गांव में नहीं आईं। ग्राम सचिव प्रियंका उनको आजकल-आजकल कहकर रोजाना टरका रही थीं। आवेदक उस समय हतप्रभ रह गईं, जब पति की बजाय खुद उनका ही मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी कर उनके हाथ में थमा दिया गया। इसके बाद उन्होंने ग्राम सचिव से शिकायत की, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद आवेदक ने बीडीओ को इसकी शिकायत दी। मामला मीडिया में आने के बाद सचिव की धड़कनें बढ़ गई। अब पूरा अमला मामले को रफा-दफा करने में लगा हुआ है। ग्राम सचिव प्रियंका का कहना है कि सोमवार को दूसरा प्रमाण-पत्र जारी कर दिया जाएगा। किन्हीं कारणों से साधना का मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी हो गया था। मामला जानकारी में आते ही त्रुटि को सही कर दिया गया।