गायत्री मंत्र के साथ 5जी का प्रशिक्षण लेते हैं इंजीनियर
फोटो - 18 -एएलटीटीसी पर दिया जा रहा है 5जी का प्रशिक्षण -मुस्लिम इंजीनियर भी गायत्री मंत्र जा
फोटो - 18
-एएलटीटीसी पर दिया जा रहा है 5जी का प्रशिक्षण
-मुस्लिम इंजीनियर भी गायत्री मंत्र जाप में लेते हैं हिस्सा हसीन शाह, गाजियाबाद
एडवांस लेवल टेलीकाम ट्रेनिग सेंटर (एएलटीटीसी) पर छह देशों- घाना, तंजानिया, मोजांबिक, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया व ईरान के इंजीनियर 5जी का आनलाइन प्रशिक्षण लेने से पहले गायत्री मंत्र जाप में हिस्सा लेते हैं। आनलाइन जुड़ते ही सभी हाथ जोड़कर नमस्ते भी करते हैं।
अभी भारत में 4जी इंटरनेट है। सेंटर पर 5जी इंटरनेट शुरू कराने के लिए इंजीनियरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कुछ दिन पहले एएलटीटीसी पर 5जी के शरीर पर रेडिएशन के खतरे को कम करने के लिए प्रशिक्षण दिया गया था। अब भारत समेत छह देशों के इंजीनियरों को 5जी की नई तकनीक का आनलाइन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 12 अक्टूबर से शुरू हुआ था और 23 अक्टूबर तक चलेगा। प्रशिक्षण शुरू होने से पहले सेंटर के मुख्य महाप्रबंधक महेश कुमार सेठ आनलाइन हाथ जोड़कर नमस्ते करते हैं। इसके बाद गायत्री मंत्र जाप के साथ दीप प्रज्वलित किया जाता है।
मलेशिया व ईरान के इंजीनियरों को पसंद है नमस्ते : आनलाइन प्रशिक्षण ले रहे छह देशों के इंजीनियरों मे ज्यादातर मुस्लिम हैं। सभी इंजीनियर मुख्य महाप्रबंधक को हाथ जोड़कर नमस्ते करते हैं। महेश कुमार सेठ से कई इंजीनियर भारतीय संस्कृति की जानकारी लेते रहते हैं। वह बताते हैं कि ये इंजीनियर प्रशिक्षण के बाद भी परिचितों से मिलने के दौरान हाथ जोड़कर ही नमस्ते करते हैं।
अंतरराष्ट्रीय दूर संचार संघ के अधिकारी भी लेते हैं हिस्सा : प्रशिक्षण संयुक्त राष्ट्र की संस्था अंतरराष्ट्रीय दूर संचार संघ, जेनेवा की निगरानी में दिया जा रहा है। लिहाजा अंतरराष्ट्रीय दूर संचार संघ के अधिकारी भी कोरोना काल में शारीरिक दूरी का पालन करने के लिए नमस्ते से अभिवादन करते हैं। कई बार जब कोई इंजीनियर देरी से आनलाइन जुड़ता है तो वह मुख्य महाप्रबंधक से फिर से गायत्री मंत्र सुनाने की मांग करता है।