बारिश से मौसम हुआ सुहाना, किसान भी हुए खुश
-फोटो नं.- 28मोदी-3 जागरण संवाददातामोदीनगर बुधवार अलसुबह बारिश शुरू हुई। पूरे दिन क
-फोटो नं.- 28मोदी-3
जागरण संवाददाता,मोदीनगर:
बुधवार अलसुबह बारिश शुरू हुई। पूरे दिन कभी बूंदाबांदी तो कभी तेज बारिश होती रही। इससे मौसम सुहाना हो गया और लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिल गई। एसी, कूलर पर निर्भर लोगों ने मौसम का आनंद लिया। कई लोगों ने बारिश में भीगकर मौसम का लुफ्त उठाया। उधर, बारिश होने के बाद किसानों के चेहरे पर भी खुशी आ गई। इस वक्त धान की फसल के लिए बारिश किसी संजीवनी से कम नहीं है। धान की फसल में इससे ब्यांत यानी विकास हो रहा है। ऐसे में तापमान की गिरावट ब्यांत के हिसाब से काफी मायने रखती है। जिस हिसाब से पिछले दिनों गर्मी हो रही थी। उससे धान का विकास रुक गया था। वहीं, ईख, बाजरा, मक्का, ज्वार आदि मौसमी फसलों के लिए भी बारिश बेहद फायदेमंद बताई जा रही है। इस बारे में वरिष्ठ कृषि विज्ञानी डा. हंसराज सिंह का कहना है कि बारिश मौसमी फसलों के साथ आगामी फसलों के लिए भी बेहद फायदेमंद है। ऐसे ही मौसम बना रहा तो आगे भी खेती में बंपर पैदावार होगी।
जलभराव होने से हुई परेशानी:
बारिश होने से हाईवे के अलावा कई कालोनियों में जलभराव हो गया। इससे लोगों को थोड़ी दिक्कत हुई। मोदीनगर में जहां जहां पर हाल ही में सीवरेज पाइपलाइन डाली गई है, वहां पर कीचड़ होने से लोगों को पैदल निकलने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। ऐसे ही मुरादनगर में भी कई जगह पर जलभराव होने से लोग परेशान हो गए। सबसे ज्यादा दिक्कत बारिश में सड़क टूटने से हुई।