टूटी माइनर की पटरी, सैकड़ों बीघा फसल नष्ट
संवाद सहयोगी मोदीनगर चपभोला रजवाहे से निकले खंजरपुर माइनर की पटरी गदाना गांव के ि
संवाद सहयोगी, मोदीनगर :
चपभोला रजवाहे से निकले खंजरपुर माइनर की पटरी गदाना गांव के निकट शनिवार रात फिर से टूट गई, जिससे आसपास के खेतों में लगी गेंहू, सरसो की सैकड़ों बीघा फसल नष्ट हो गई। लाखों का नुकसान किसानों को हुआ। अभी कुछ दिन पहले भी इस माइनर की पटरी टूट गई थी। घटना से किसानों में सिचाई विभाग के अधिकारियों के खिलाफ रोष है। जल्द ही इसका कोई समाधान नहीं होने पर किसानों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
चपभोला रजवाहे से खंजरपुर माइनर निकला है। चपभोला रजवाहे में पानी आने के बाद सिचाई विभाग ने माइनर में पानी छोड़ दिया। सफाई नहीं होने के कारण गदाना गांव के पास शनिवार रात माइनर का पानी ओवरफ्लो हो गया और उसकी पटरी टूट गई। इससे आसपास के खेतों में खड़ी ईख, सरसों, गेहूं की फसल में पानी भर गया। रविवार सुबह जब किसान खेतों में काम करने गए तो उनको इसका पता चला। पानी भरने से किसानों की ईख की छिलाई का काम बंद हो गया। खेत में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। इससे नाराज किसानों ने वहां जमकर प्रदर्शन किया। सिचाई विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। किसानों का कहना था कि इसकी सूचना सिचाई विभाग के अधिकारियों को दी गई है। लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। किसान मनोज नेहरा ने बताया कि अभी 15 दिन पहले भी पटरी टूट गई थी, इससे भी सिचाई विभाग के अधिकारियों ने सीख नहीं ली। जल्द ही अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। ज्ञात हो कि किसान मनोज नेहरा ने इस समस्या को लेकर कई दिन तक अनशन भी किया था। इस बारे में एसडीएम आदित्य प्रजापति का कहना है कि यह प्रकरण काफी गंभीर है। इसको लेकर सिचाई विभाग के अधिकारियों से बात की जाएगी।