ब्रजघाट प्रकरण : मामले को रफा-दफा करना चाहती है पुलिस : सभाजीत सिंह
जागरण संवाददाता हापुड़ ब्रजघाट में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई 12 लोगों की मौत का मामला त
जागरण संवाददाता, हापुड़
ब्रजघाट में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई 12 लोगों की मौत का मामला तूल पकड़ने लगा है। शुक्रवार को मृतकों के स्वजनों से मिलने पहुंचे आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने संवेदना व्यक्त की। पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने पुलिस पर मामले को रफा-दफा करने का आरोप लगाया। साथ ही सभी मौतों के मामले में गहनता से जांच की मांग की।
गंगा नगरी ब्रजघाट में पिछले तीन दिनों के भीतर विभिन्न कारणों से 12 लोगों की मौत हो गई। जिसमें पुलिस जांच में प्राकृतिक और बीमारी से मौत होना बताया जा रहा है। बृहस्पतिवार तक हुई 11 लोगों की मौत के बाद किसी भी शव का पोस्टमार्टम न कराना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा था। हालांकि शुक्रवार को हुई एक और व्यक्ति की मौत के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। एक-एक करके तीन दिन में 12 लोगों की मौत होने की सूचना पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह शुक्रवार को ब्रजघाट पहुंच गए। उन्होंने शोकाकुल परिवारों से वार्ता की और संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि हापुड़ पुलिस प्रशासन के सभी अधिकारी मृतकों की बीमारी अथवा हार्ट अटैक से होना बता रहे हैं। जबकि ये साफ दिखाता है कि पुलिस मामले को रफा-दफा करना चाहती है। प्रदेश अध्यक्ष ने इस पूरी घटना की गहन जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में प्रशासनिक स्तर पर बहुत बड़ी लापरवाही देखने को मिली है। 11 लोगों की मौत के बाद किसी भी शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया, जबकि इनमें से दो अज्ञात शव थे। लेकिन, पुलिस-प्रशासन ने उनके शवों का भी बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष के साथ पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष छवि यादव और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।