हरनंदी नदी किनारे उत्सव सा माहौल, दिल्ली से भी आए श्रद्धालु
दिल्ली से भी श्रद्धालु पूजा के लिए हरनंदी नदी किनारे बने छठ घाट पर आए।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : अक्सर सुनसान नजर आने वाले हरनंदी नदी किनारे शुक्रवार को उत्सव सा माहौल नजर आया। सड़क पर खान-पान सामान के साथ ही बच्चों के खिलौने की दुकानें लगी थीं। छठ घाट पर श्रद्धालु पूजा पाठ कर रहे थे। दिल्ली से भी श्रद्धालु पूजा के लिए हरनंदी नदी किनारे बने छठ घाट पर आए। हालांकि, कोरोना के प्रकोप के कारण घाट पर आने वालों की संख्या पहले के मुकाबले कम रही। मास्क पहने श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा की और कोरोना का प्रकोप खत्म करने की मन्नत छठ मैया से की।
दिल्ली के आजादपुर से आए गाजियाबाद: दिल्ली स्थित आजादपुर में ईश्वर गिरी रहते हैं। वह शुक्रवार को पिता शंकर गिरी, मां उर्मिला देवी, पत्नी सरिता देवी और भाई दिनेश्वर के परिवार के साथ पूजा के लिए हरनंदी नदी किनारे स्थित छठ घाट पर आए। ईश्वर ने बताया कि उनके भाई दिनेश्वर परिवार के साथ गाजियाबाद में रहते हैं, इसलिए वह भी छठ मैया की पूजा के लिए गाजियाबाद आ गए। अच्छा हुआ दो माह पहले दिल्ली छोड़ गाजियाबाद आ गए: तिगरी गोल चक्कर के पास परिवार के साथ रहने वाले उपेंद्र प्रसाद निराला ने बताया कि वह मूलरूप से बिहार के बेगूसराय के रहने वाले हैं। पिछले कई साल से दिल्ली के मयूर विहार में परिवार के साथ रह रहे थे। दो माह पहले ही वह गाजियाबाद में शिफ्ट हुए हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना के मद्देनजर इस बार दिल्ली में छठ पर्व लोग घर पर ही मना रहे हैं। अच्छा हुआ कि वह गाजियाबाद में अब रहने लगे हैं। जिस वजह से उनको हरनंदी नदी किनारे स्थित छठ घाट पर पूजा करने आ सके।