कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत छह के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
जागरण संवाददाता गाजियाबाद कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष हरेंद्र कसाना और उनके भाई समेत छह
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष हरेंद्र कसाना और उनके भाई समेत छह आरोपितों के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने बृहस्पतिवार को सामूहिक दुष्कर्म की एफआइआर दर्ज करने के आदेश दिए। मामला टीला मोड थानाक्षेत्र का है।
टीला मोड थानाक्षेत्र स्थित एक गांव के रहने वाले युवक ने बताया कि उनकी पत्नी के नाम गांव में 22 बीघा जमीन है। परिचित दिनेश कुमार का उनके घर आना जाना था। आरोप है कि पत्नी को प्रभाव में लेकर पहले दिनेश कुमार ने उनके परिवार में कलह कराई। इसके बाद पत्नी से धोखाधड़ी की एक झूठी एफआइआर पीड़ित के खिलाफ दर्ज करा दी। इस मामले में पीड़ित मार्च 2018 से जनवरी 2020 तक जेल में रहा। जेल से छूटने के बाद पीड़ित घर पहुंचा तो पत्नी ने आपबीती सुनाई। उसने बताया कि दिनेश कुमार ने कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष हरेंद्र कसाना, उनके भाई धर्मेद्र कसाना, देवराज, शिवकुमार व भीष्म यादव के साथ मिलकर फर्जी पावर आफ अटार्नी तैयार कर जमीन हड़प ली। आरोप है कि पीड़ित की पत्नी को डराकर उपरोक्त आरोपितों ने सामूहिक दुष्कर्म भी किया। मामले में पीड़ित ने कुछ दिन पूर्व पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने एफआइआर दर्ज नहीं की। इस पर उन्होंने अदालत में प्रार्थना पत्र पेश किया। उस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने एफआइआर दर्ज करने के आदेश दिए। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष हरेंद्र कसाना ने बताया कि आरोप निराधार है। मामला प्रापर्टी विवाद का है। शिकायत करने वाले पति-पत्नी पर उनके करीब 45 लाख रुपये बकाया है। पैसे देने से बचने के लिए झूठी शिकायत की गई है।