पुलिस की 5 टीमें कर रहीं डकैतों की तलाश
संवाद सहयोगी मोदीनगर गुरुद्वारा रोड स्थित किदवई नगर कालोनी में हुई डकैती के मामले में
संवाद सहयोगी, मोदीनगर :
गुरुद्वारा रोड स्थित किदवई नगर कालोनी में हुई डकैती के मामले में 48 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। सर्विलांस, क्राइम, थाना समेत पुलिस की पांच टीमें मामले की छानबीन में जुटी हैं। उधर, घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार खौफ में है।
शुक्रवार तड़के डकैती की वह घटना उन्हें डरा रही है। सभी के चेहरे पर बदमाशों का खौफ अब तक नजर आ रहा है। शुक्रवार रात भर परिवार के किसी सदस्य को नींद नहीं आई। किसी तरह नींद आई भी तो, हथियारबंद बदमाश उनके दिमाग में घूमते रहे। ऐसा परिवार के सभी लोगों के साथ हुआ। रात में कई बार चौंककर उठ गए। यहां तक की आसपड़ोस के लोगों में भी बदमाशों का खौफ साफ दिखाई पड़ा। शनिवार शाम से ही गली सुनसान हो गई थी। सभी ने अपने घर के दरवाजों में अंदर से ताले लगा लिए थे। लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते दिखाई पड़ रहे थे।
वहीं, पूरे दिन आसपड़ोस के लोगों का समीर के घर तांता लगा रहा। घटना की जानकारी के बाद समीर के दूर के रिश्तेदार भी उनके घर पहुंच गए। पीड़ित समीर ने बताया कि उनके ममेरे भाई सावेज को पुलिस ने शुक्रवार दोपहर से पूछताछ के लिए हिरासत में ले रखा है। अभी तक उसे छोड़ा नहीं गया है। परिवार के लोगों को उसकी चिता सता रही है।
गौर हो, कि शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे पुलिसकर्मियों की वर्दी में आए हथियारबंद बदमाशों ने किदवईनगर कालोनी निवासी समीर सिद्दीकी के घर डकैती डाली थी। पांच बदमाश घर के भीतर थे। जबकि, तीन बाहर निगरानी कर रहे थे। बदमाश नकदी समेत लाखों का सोना लूट ले गए थे। मामले में पुलिस ने लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
------
पुलिस की टीम मामले की छानबीन में लगी है। सर्विलांस, क्राइम, थाना पुलिस की पांच टीम घटना के साक्ष्य जुटाने का काम कर रही हैं। घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा ही है। परिवार के लोगों से भी पूछताछ चल रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
- सुनील सिंह, सीओ मोदीनगर