25 कैडेट्स हुए एनसीसी में भर्ती
संवाद सहयोगी मोदीनगर फरीदनगर स्थित आदर्श जनता इंटर कालेज में मंगलवार को एनसीसी कैडेट्
संवाद सहयोगी, मोदीनगर :
फरीदनगर स्थित आदर्श जनता इंटर कालेज में मंगलवार को एनसीसी कैडेट्स की भर्ती हुई, जिसमें कालेज के 25 छात्रों को एनसीसी में भर्ती किया गया। भर्ती प्रक्रिया 35 यूपी वाहिनी एनसीसी के प्रशासनिक अधिकारी मेजर दीपक कुमार और कालेज के प्रधानाचार्य शेखर कौशिक के निर्देशन में पूरी हुई। भर्ती केवल सीनियर डिवीजन की हुई।
इस दौरान छात्रों का शारीरिक परीक्षण, लिखित परीक्षा व साक्षात्कार किया गया। तीनों में सफल होने पर छात्र को एनसीसी में भर्ती किया गया। प्रधानाचार्य शेखर कौशिक ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन किया गया। जिन छात्रों के पास दस्तावेज नहीं थे, उन्हें प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। इसके अलावा मेजर दीपक कुमार ने बताया कि दो साल तक इन कैडेट्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान ए, बी व सी प्रमाण पत्र की परीक्षा होगी। सेना में भर्ती के लिए ये प्रमाण पत्र काफी सहायक होते हैं। इस मौके पर विजय आनंद, वीरेंद्र सिंह तोमर, मनोज कुमार आदि उपस्थित रहे।