दिवाली पर दो सौ अतिरिक्त बसें करेंगी सफर आसान
संवाद सहयोगी साहिबाबाद उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से यात्रियों को राहत
संवाद सहयोगी, साहिबाबाद: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से यात्रियों को राहत देने के लिए दिवाली पर 200 अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी। बसें लोगों को दिल्ली के आनंद विहार, कश्मीरी गेट और गाजियाबाद के कौशांबी बस स्टैंड से उत्तराखंड व पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में पहुंचाएंगी। इन बसों का संचालन दस नवंबर से शुरू होगा।
दिवाली के नजदीक आने पर दिल्ली एनसीआर से अन्य जिलों और प्रदेशों में जाने वाले लोगों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। ऐसे में त्योहार के मद्देनजर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से यात्रियों की यात्रा सुखद बनाने के लिए दो सौ अतिरिक्त बसों के संचालन का निर्णय लिया गया है। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह ने बताया कि इन 200 बसों का संचालन दिल्ली के आनंद विहार, कश्मीरी गेट और गाजियाबाद के कौशांबी बस स्टैंड से किया जाएगा। यह बसें यात्रियों को उत्तराखंड व पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में पहुंचाएंगी। इन बसों का संचालन दस नवंबर से शुरू किया जाएगा।
कहां के लिए चलेंगी कितनी बसें:
दिल्ली से फर्रुखाबाद मार्ग के लिए खुर्जा डिपो से 20, दिल्ली से बदायूं मार्ग के लिए बुलंदशहर डिपो से 25, दिल्ली से कानपुर मार्ग के लिए सिकंद्राबाद डिपो से 15, दिल्ली से लखनऊ रोड के लिए हापुड़ डिपो से 35, दिल्ली से सहारनपुर रोड के लिए लोनी डिपो से 35, कौशांबी डिपो से सभी रूट के लिए 30 बसों का संचालन किया जाएगा। वहीं साहिबाबाद डिपो की 40 बसों का संचालन यात्रियों की उपलब्धता के आधार पर किया जाएगा।
बसों पर रहेगी पैनी नजर: त्योहार पर यातायात अधीक्षक मुख्यालय प्रवर्तन दल गाजियाबाद अपने सहयोगियों के साथ गाजियाबाद क्षेत्र में चेकिग करेंगे। उधर क्षेत्रीय प्रवर्तन दल आनंद विहार से लालकुआं तक बसों को जाम से निकलवाने में सहायता करेंगे। इंटरसेप्टर चेकिग स्क्वायड प्रथम सहायक प्रबंधन कौशांबी के निर्देशन में कार्य करेगा। जबकि इंटरसेप्टर चेकिग स्क्वायड द्वितीय बसों को कौशांबी बस स्टैंड से मोहन नगर मार्ग और मोहन नगर मार्ग से सौर ऊर्जा मार्ग पर बसों को जाम से निकलवाने में सहायता करेंगे।