आशु जाट गिरोह से जुड़ा 15 हजार का इनामी गिरफ्तार
जासं गाजियाबाद कविनगर थाना पुलिस और एसटीएफ ने शुक्रवार रात कुख्यात आशु जाट गिरोह के
जासं, गाजियाबाद : कविनगर थाना पुलिस और एसटीएफ ने शुक्रवार रात कुख्यात आशु जाट गिरोह के सक्रिय बदमाश और 15 हजार रुपये के इनामी को गिरफ्तार किया है। आरोपित से ईको कार बरामद हुई है। एसपी सिटी अभिषेक वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित साहिबाबाद के जवाहर पार्क निवासी फैजान है। उसके खिलाफ लूट व जानलेवा हमले के दो मुकदमे दर्ज हैं।
एसएचओ नागेंद्र चौबे के मुताबिक, नोएडा में गौरव चंदेल की हत्या कर लूटी सेल्टोस कार से आशु उर्फ प्रवीन जाट ने नाजिम, उमेश व फैजान संग मिलकर 14 जनवरी की रात कविनगर क्षेत्र में एनएच-9 पर टाटा अल्ट्रोज कार लूट ली थी। अवंतिका निवासी पीड़ित चिराग अग्रवाल की गाड़ी में पीछे से टक्कर मारने के बाद आरोपितों ने उन्हीं की कार में अगवा कर लिया था और 2-3 घंटे घुमाने के बाद चिराग को सड़क किनारे फेंक दिया था। गाड़ी, मोबाइल, घड़ी, अंगूठी, एटीएम कार्ड और नकदी लूटकर फरार हो गए थे। फैजान ने छह अक्टूबर 2019 की रात में चिरंजीव विहार में खिलौना कारोबारी शंभूदयाल की दुकान में घुसकर उन्हें गोली मार दी थी। इस घटना में कार में बैठा दूसरा व्यक्ति पूर्व में गिरफ्तार हो चुका है।