गबरू हुक्का बार में छापा, 15 युवक दबोचे
जागरण संवाददाता साहिबाबाद नीति खंड क्षेत्र में मंगल चौक के पास जिम के बोर्ड की आड़ में चल
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : नीति खंड क्षेत्र में मंगल चौक के पास जिम के बोर्ड की आड़ में चल रहे गबरू हुक्का बार में रविवार शाम पुलिस ने छापा मारकर 15 युवकों को धर दबोचा। बार से हुक्का, पाइप, तंबाकू आदि बरामद हुआ है। संचालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया है। बोर्ड के पीछे चल रहा था बार: रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे पुलिस टीम मंगल चौक पहुंची। यहां फिटप्रो जिम के बोर्ड लगे भवन में गई, तो अंदर अलग ही नजारा दिखा। दिन में वहां पर रात का अनुभव हुआ। तेज आवाज के बीच पूरा परिसर धुआं के गुब्बार से भरा मिला। युवक हुक्का गुड़गुड़ाते मिले। तंबाकू की गंध मिली। शारीरिक दूरी के नियमों की धज्जियां उड़ रही थीं। पुलिस ने परिसर में मौजूद स्टॉफ सहित 15 युवकों को हिरासत में ले लिया है। मौके से बरामद हुक्का, पाइप, प्लेट, तंबाकू को कब्जे में ले लिया है। सभी के खिलाफ कोविड 19 और तंबाकू अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। संचालक फरार: इंदिरापुरम थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव शर्मा ने बताया है कि हुक्का प्रतिबंधित है। इसके बावजूद गबरू हुक्का बार चल रहा था। मौके से पकड़े गए 15 युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। संचालक मौके से फरार हो गया है। उसके खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। लॉकडाउन में चल रहा था हुक्का बार: स्थानीय लोगों की मानें, तो यह हुक्का बार लॉकडाउन के दौरान भी चल रहा था। कुछ दिन पूर्व स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में हुक्का बार चलने की पुलिस को सूचना भी दी थी। उस समय पुलिस ने सिर्फ फ्लेवर हुक्का मिलने की बात कहकर मामले को टाल दिया था। मुख्य चौराहा और सबसे व्यस्त सड़क के किनारे होने के बावजूद पुलिस को इसकी भनक नहीं लगी, इससे कई सवाल उठ रहे हैं।