ट्रांस हिडन के 15 लाख लोगों के पास मकान तो है पर पता नहीं
धनंजय वर्मा साहिबाबाद ट्रांस हिडन में 15 लाख से अधिक लोगों के पास मकान तो है लेकिन उनके
धनंजय वर्मा, साहिबाबाद :
ट्रांस हिडन में 15 लाख से अधिक लोगों के पास मकान तो है, लेकिन उनके पास अपने ही मकान का पता नहीं है। इससे गैस सिलेंडर, स्पीड पोस्ट या अन्य सामानों की डिलीवरी में परेशानी होती है। लोग आनलाइन कंपनियों की सुविधा का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। लोगों ने मुख्यमंत्री पोर्टल से लेकर प्रशासनिक अधिकारी से मांग की है कि उनके मकान व गली का नंबर दिया जाए, जिससे वह अपने मकान का पता बता सकें।
ट्रांस हिडन के खोड़ा, झंडापुर, महाराजपुर, मकनपुर, कनावनी, पसौंडा, करहैड़ा समेत अन्य इलाके नगर निगम या नगर पालिका परिषद में हैं। यहां के निवासियों के पास मकान तो हैं, लेकिन उनपर कोई पता नहीं है। ऐसे में डाक हो या गैस सिलेंडर बड़ी मुश्किल से पहुंचता है। गलियों व मकानों का नंबर न होने से किसी भी व्यक्ति के मकान का पता तलाशना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। रिश्तेदारों को भी पता ढूंढने में परेशानी होती हैं। ऐसे में उपरोक्त लोगों के यहां विभिन्न आनलाइन कंपनियां सामानों की डिलीवरी नहीं दे पाती हैं। लोगों को एनसीआर में रहते हुए भी कई सुविधाओं से वंचित रहना पड़ता है। लोग खाना आर्डर तो कर लेते हैं, लेकिन पहुंच नहीं पाता है।
------
हाउस टैक्स देते हैं फिर भी सुविधा नहीं :
कड़कड़ माडल निवासी का कहना है कि लोग नगर निगम को हर साल हाउस टैक्स देते हैं। इसके बाद भी नगर निगम की ओर से मकान व गली नंबर जैसी मूलभूत सुविधा नहीं दी जा रही है। इसकी कई बार नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की गई है लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
-----
नगर निगम के हाउस टैक्स की रसीद में मकानों का नंबर कुछ और होता है। उनके रजिस्टर में नंबर कुछ और है। मकानों का सही नंबर न होने से लोग परेशान हैं। डाक व कोरियर नहीं पहुंच पाता है। - सुशील कुमार राघव, निवासी कड़कड़ माडल खोड़ा में सैकड़ों की संख्या में गलियां हैं। मकान व गली नंबर न होने से लोगों के यहां गैस सिलेंडर तक पहुंचने में परेशानी होती है। आनलाइन कंपनियों से आर्डर किया गया सामान नहीं पहुंच पाता है। - दीपक जोशी, निवासी खोड़ा
------
परिचर्चा
मकानों का सर्वे कर उन्हें एक यूनिक आइडी नंबर दिया जा रहा है, जिससे उनके मकानों की पहचान हो सके। साथ ही संपत्ति कर में उनके मकानों की फोटो भी चस्पा होकर आएगी।
- डॉ. संजीव सिन्हा मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, नगर निगम किस जगह कितनी आबादी :
जगह आबादी
खोड़ा 12 लाख
मकनपुर 50 हजार
कनावनी 30 हजार
करहैड़ा 20 हजार
झंडापुर 40 हजार
कड़कड़ माडल 30 हजार
पसौंडा एक लाख
महाराजपुर 30 हजार
(नोट : आबादी के आंकड़े करीब में हैं)