किसानों से भरा ट्रैक्टर खाई में गिरा, 15 घायल
जागरण संवाददाता मोदीनगर एक समान मुआवजे की मांग को लेकर हुए आंदोलन में हिस्सेदारी लेकर
जागरण संवाददाता, मोदीनगर:
एक समान मुआवजे की मांग को लेकर हुए आंदोलन में हिस्सेदारी लेकर लौट रहे किसानों से भरा ट्रैक्टर बुधवार को कलछीना गांव के निकट अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। इसमें 15 किसान घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किसान नेताओं ने घायलों का अस्पताल पहुंचकर हाल जाना।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे में अधिग्रहित हुई जमीन के एक समान मुआवजे की मांग को लेकर किसानों ने पदयात्रा निकाली थी। बुधवार को किसानों की कलक्ट्रेट घेरने की योजना थी। अधिकारियों ने किसानों को समस्या का समाधान कराने का आश्वासन देकर वापस भेज दिया। आंदोलन में चुड़ियाला गांव निवासी चरण सिंह शर्मा भी अपना ट्रैक्टर लेकर गए। वहां से शाम के वक्त किसान ट्रैक्टर ट्रालियों में सवार होकर वापस लौट रहे थे। कलछीना गांव के पास एक्सप्रेस-वे से नीचे उतरने के लिए बनाए गए रास्ते पर पानी डाले जाने के चलते चरण सिंह का ट्रैक्टर फिसल गया और अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। ट्रैक्टर चला रहे चरण सिंह शर्मा, प्रदीप, कर्म सिंह, अंकुर, राकेश आदि 15 किसान घायल हो गए। उनके आगे पीछे चल रहे किसान तुरंत ही मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने ट्रैक्टर ट्राली के नीचे दबे किसानों को निकाला और तत्काल मोदीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया। क्रेन की मदद से ट्रैक्टर ट्राली को खाई से निकाला गया। ट्रैक्टर में भी भारी नुकसान हुआ है। चरण सिंह को कई जगह फ्रेक्चर हुआ है। उनका मोदीनगर के जीवन अस्पताल में उपचार चल रहा है। किसान नेता बबली गुर्जर, सतीश राठी, अमरजीत सिंह बिड्डी आदि ने किसानों का हाल जाना और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस बारे में पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटना की जानकारी ली है। किसानों का कहना है कि एक्सप्रेस वे की साइट पर जान बूझकर ज्यादा पानी डाला गया। हादसे की जिम्मेदारी एक्सप्रेस वे के निर्माण कार्य में लगी कंपनी की है।