इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए वर्क आर्डर जल्द
जागरण संवाददाता गाजियाबाद इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए अकबरपुर-बहरामपुर में चार्जिग
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए अकबरपुर-बहरामपुर में चार्जिग स्टेशन, मेंटिनेंस डिपो और बस शेल्टर का निर्माण जल्द शुरू होगा। इसमें 14.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए टेंडर पहले ही जारी किए जा चुके हैं। वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद दिसंबर के पहले सप्ताह में कार्य शुरू और जनवरी 2021 तक निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। मई 2021 से इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारी है। पहले फेस में 50 बसें चलाई जाएंगी :
पहले फेस में शहर में 50 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इसके बाद दूसरे फेस में 50 और इलेक्ट्रिक बस चलाने की योजना है। जिस रूट पर ज्यादा यात्री होंगे, उस रूट पर ज्यादा बसों का संचालन किया जाएगा। नगर निगम द्वारा बसों के संचालन के लिए पूर्व में 12 रूट बनाए गए थे, जिसे शासन के निर्देश पर अब कम किया जाएगा। बुधवार को होगी बैठक :
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए बुधवार को एक बैठक होना प्रस्तावित है। यह बैठक नगर निगम के कैंप कार्यालय में बुधवार को की जाएगी। इसमें बसों के रूट और स्टॉपेज के विषय में विचार विमर्श किया जाएगा। बैठक में नगर निगम के साथ ही परिवहन विभाग और यूपी रोडवेज के अधिकारी भी शामिल होंगे। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी किए जाएंगे। बसों के रूट और स्टॉपेज तय करने के लिए बुधवार को बैठक होगी। संबंधित विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में पत्र भेज दिया गया है।
- मनोज प्रभात, अधिशासी अभियंता, विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग।