बुधवार को 100 लोग कोरोना संक्रमित मिले
107 मरीजों को ठीक होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी गई है।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : सौ लोग कोरोना संक्रमित बुधवार को पाए गए हैं। इनमें शास्त्रीनगर के एक परिवार के पांच लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें एक नौ साल का बच्चा भी शामिल है। इसके अलावा इंदिरापुरम के दो परिवार के दस सदस्य भी संक्रमित पाए गए हैं। दो गर्भवती महिलाएं भी संक्रमित पाई गई हैं। संक्रमितों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। 33 मरीजों को होम आइसोलेशन की अनुमति दी गई है। 13 लोग पहले से ही निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। 107 मरीजों को ठीक होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी गई है। खास बात यह है कि ठीक होने वालों का आंकड़ा पांच हजार के पार पहुंच गया है। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 998 रह गई है। घर पर डिलीवरी के बाद संक्रमित हुई महिला की मौत
बुधवार को कोरोना संक्रमित एक 37 वर्षीय महिला की मौत हो गई है। बताया गया है कि महिला की कुछ दिन पहले घर पर ही नॉर्मल डिलीवरी हुई थी। स्वास्थ्य खराब होने पर महिला को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एंटीजन टेस्ट में कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई। यहां हालत गंभीर होने पर मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेरठ में ट्रू नेट मशीन से जांच कराई गई तो महिला कोरोना संक्रमित पाई गई। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में मरने वाले कोरोना संक्रमितों की संख्या 66 हो गई है।