आनंद औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री से 10 लाख का तैयार माल चोरी
फैक्ट्री मालिक ने साहिबाबाद थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : थाना क्षेत्र स्थित आनंद औद्योगिक क्षेत्र मोहन नगर की एक फैक्ट्री में घुसे दो चोरों ने करीब 10 लाख रुपये का तैयार माल पार कर दिया। चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। फैक्ट्री मालिक ने साहिबाबाद थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आनंद औद्योगिक क्षेत्र मोहन नगर में अंशुल अरोड़ा की मैसर्स साइमर्ग इंजीनिरिग नाम से फैक्ट्री है। उसमें एल्युमिनियम के सामान बनाए जाते हैं। शनिवार की रात चोरों ने फैक्ट्री से करीब 10 लाख रुपये का तैयार माल पार कर दिया। उन्होंने इसकी साहिबाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी निरीक्षक विष्णु कौशिक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।
कब्रिस्तान के रास्ते से आए चोर : जांच-पड़ताल में पता चला है कि दो चोरों ने चोरी की है। दोनों फैक्ट्री के पीछे स्थित कब्रिस्तान के रास्ते चारदीवारी फांद कर फैक्ट्री में घुसे थे। चोरी कर उसी रास्ते से फरार हो गए। फैक्ट्री में मौजूद एक कर्मचारी के जागने पर चोर भागे हैं, अगर वह नहीं जागता तो और माल चोरी होता। चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद :फैक्ट्री में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। उनमें दो चोरों की फुटेज कैद हुई है। उसमें दिख रहा है कि दोनों चोर मुंह पर कपड़ा बांधे हैं। रात में 12:30 से दो बजे तक दोनों ने फैक्ट्री में चोरी की है। उनकी फुटेज बिल्कुल स्पष्ट है। फुटेज पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस उससे चोरों की पहचान कर रही है। चोरों के निशाने पर हैं फैक्ट्रियां : आंकड़ों की बात करें तो साहिबाबाद और लिक रोड थाना क्षेत्र स्थित फैक्ट्रियां चोरों के निशाने पर हैं। यहां स्थित फैक्ट्रियों में लगातार चोरियां हो रही हैं। सबसे ज्यादा चोरियां लोनी रोड औद्योगिक क्षेत्र साहिबाबाद में हुई हैं। इसके बावजूद पुलिस की गश्त सही तरह से नहीं हो रही है, यदि ऐसा होता तो चोरियों पर अंकुश लगता।