एक दिन की थानेदार बनी दो बेटियों ने संभाला काम
- ट्रेन व स्टेशनों पर यात्रियों को मास्क व शारीरिक दूरी का पालन करने को कहा - फीरोजाबाद व टूंडला जीआरपी थाने का किया निरीक्षण ली जानकारी ।
- ट्रेन व स्टेशनों पर यात्रियों को मास्क व शारीरिक दूरी का पालन करने को कहा
- फीरोजाबाद व टूंडला जीआरपी थाने का किया निरीक्षण, ली जानकारी
फोटो आठ-नौ जेएनएन, फीरोजाबाद: एक दिन की थानेदार बनीं दो बेटियों ने बुधवार को फीरोजाबाद व टूंडला जीआरपी थाने की कमान संभालकर दोनों रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। दोनों ने थाने से की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी लेने के साथ अभिलेखों का रखरखाव देखा। फीरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर फोर्स के साथ दो ट्रेनों की चेकिंग भी की।
नारी शक्ति अभियान के तहत दोनों बेटियों को जीआरपी थानों की कमान सौंपी गई थी। शहर के नींबू वाला बाग गली नंबर तीन निवासी एमए की छात्रा गीता प्रजापति (24) पुत्री भीकम सिंह सुबह 10 बजे फीरोजाबाद जीआरपी थाने पर एक दिन की थानेदार बनकर पहुंचीं तो पुलिसकर्मियों ने उनका सेल्यूट मारकर स्वागत किया। उन्होंने जीआरपी इंस्पेक्टर ऊषा मलिक से कामकाज की जानकारी ली। अभिलेखों का अवलोकन करने के साथ उन्होंने पुलिस के कामकाज की समीक्षा की। गीता ने इंस्पेक्टर मलिक के साथ महानंदा व गोमती एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों का मास्क व शारीरिक दूरी रखने की चेकिग की। महिला यात्रियों को महिला हेल्पलाइन 1090 व 112 की जानकारी दी।
टूंडला जीआरपी थाने की एक दिन की थानेदार मोहम्मदाबाद निवासी कक्षा 12 की छात्रा शीतल वर्मा बनी थीं। वह सुबह नौ बजे थाने पर पहुंचीं और पुलिस फोर्स की बैठक कर कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान महिलाओं को ट्रेन में यात्रा के दौरान दी जाने वाली सुरक्षा की जानकारी ली। उन्होंने स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया और महिला यात्रियों से सफर के दौरान समस्याओं को जाना। इंस्पेक्टर शिवकुमार पौनियां ने पुलिस कार्य प्रणाली की जानकारी ली।
- समाज के लिए कुछ करने की मिली प्रेरणा:
नींबू वाला बाग निवासी दाऊदयाल डिग्री कालेज की छात्रा गीता ने बताया कि उनके एक दिन के थानेदार बनने से उनके पिता भीकम सिंह व माता कृष्णा देवी को गर्व महसूस हो रहा है। मेधावी व एक्टिव रहने की वजह से उन्हें थानेदार बनने का मौका मिला। पिता भीकम सिंह कोयले का बिजनेस करते हैं। उन्हें समाज के लिए कुछ करने की प्रेरणा मिली है।
पुलिसकर्मी रात में जागकर करते हैं सुरक्षा:
टूंडला में थानेदार बनी शीतल वर्मा ने बताया कि जीआरपी थाने के पुलिसकर्मी रात में जागकर यात्रियों की सुरक्षा करते हैं। वे प्रशंसा के हकदार हैं। नारी शक्ति अभियान के दौरान महिलाओं व लड़कियों का सम्मान बढ़ रहा है।