जाम से कराही सड़कें, यात्री हुए परेशान
भैया दूज के मौके पर जिले में यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई।
जेएनएन, फीरोजाबाद: भैया दूज के मौके पर जिले में यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। शहर के अलावा टूंडला, शिकोहाबाद, सिरसागंज में सुबह से शाम तक हर तिराहे, चौराहे पर जाम जैसे हालात रहे। दर्जनों वाहन फंसे रहे। कुछ किलोमीटर का सफर एक से डेढ़ घंटे में पूरा हो सका। जिसके चलते यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार को भैया दूज होने के कारण हाईवे पर वाहनों की संख्या अन्य दिनों की अपेक्षा बहुत अधिक थी, लेकिन इन्हें व्यवस्थित तरीके से गुजारने के लिए प्रशासन ने कोई अतिरिक्त प्रबंध नहीं किए थे। इसका परिणाम यह हुआ कि सुहाग नगर तिराहा से सुभाष तिराहा तक नगला बरी, जाटवपुरी सहित आसफाबाद तिराहे पर वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लगी रहीं। कुछ लोगों को सर्विस लेन से होकर गुजरना पड़ा।
टूंडला में एटा रोड पर दिन भर जाम रहा। हालांकि चौराहे पर तैनात पुलिस कर्मी जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करते रहे। कुछ ऐसे ही हालात शिकोहाबाद में नजर आए। सुभाष तिराहा, एटा चौराहा, मैनपुरी चौराहा पर पूरे दिन जाम जैसे हालात बने रहे। कई बार मैनपुरी चौराहा से सुभाष तिराहे तक वाहनों की कतार लग गईं। तिराहों, चौराहों से शुरु हुआ जाम शहर के अंदर तक पहुंच गया। कटरा बाजार और बड़ा बाजार में भी जाम लगा रहा।
चौराहों पर लाचार दिखे ट्रैफिक पुलिस कर्मी: प्रतिदिन की तरह शहर के सुभाष तिराहा और सुहाग नगर तिराहे पर ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात थे, लेकिन त्योहार होने के कारण वाहनों का लोड बढा था। इसके कारण पुलिसकर्मी लाचार नजर आए। आड़े तिरछे चलते वाहनों के कारण जाम लगता रहा।